H

जीतू पटवारी के विवादित बयान पर सीएम डॉ. मोहन यादव का पलटवार, बोले- महिलाओं पर ऐसी टिप्पणी डूब मरने की बात है...

By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 03 May 2024 01:16 PM


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि, मैं उम्मीद करता हूं कि, जीतू पटवारी को तुरंत अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए, कांग्रेस को भी कड़ी कार्रवाई करना चाहिए, जो दिखे कि यह माता-बहनों की इज्जत करना जानते हैं।

bannerAds Img
मध्यप्रदेश के मुरैना रोड शो करने पहुंचे राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के उस बयान पर कड़ी नाराजगी जाहिर की, जिसमें पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने पूर्व मंत्री और भारतीय जनता पार्टी की नेत्री इमरती देवी के लिए आपत्तिजनक बातें कहीं थीं।

उनके लिए डूब मरने की बात है...

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि, कांग्रेस के नेता जिस ढंग से महिला, बहनों के लिए बात करते हैं, उनके लिए डूब मरने की बात है। सूबे के मुखिया ने आगे कहा कि, कहां गईं प्रियंका गांधी जो कहती हैं कि, महिला हूं लड़ सकती हूं। अब लड़ें अपने प्रदेश अध्यक्ष से, जो इमरती देवी के लिए कितना गंदा बोलकर गए हैं, यह बोलने में मुझे तो शर्म आती है।

महिलाओं का अपमान करना कांग्रेस का चरित्र है

सीएम ने आगे देश की सबसे पुरानी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि, महिलाओं का अपमान करना कांग्रेस का चरित्र है, इनके बड़े नेता कमल नाथ तो महिलाओं को आइटम बताते थे। दिग्विजय सिंह की भाषा में महिलाएं टंच माल थी। यह कांग्रेस के नेताओं की भाषा है, जैसी द्ष्टि वैसी श्रृष्टि..। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आगे कहा कि, मैं उम्मीद करता हूं कि, जीतू पटवारी को तुरंत अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए, कांग्रेस को भी कड़ी कार्रवाई करना चाहिए, जो दिखे कि यह माता-बहनों की इज्जत करना जानते हैं।

जीतू पटवारी का विवादित बयान...

आपको बता दें कि, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने बीजेपी नेत्री इमारती देवी पर तंज कसते हुए कहा था कि, अब इमरती जी का रस खत्म हो गया है, जो उसमें चासनी होती है वह भी खत्म हो गई है। अब पटवारी के इस बयान पर भाजपा ने पलटवार किया है।