H

राहुल गांधी ने चुटकुला सुनाते हुए नितीश कुमार पर बोला हमला, बोले - थोड़ा सा दबाव पड़ते ही नीतीश ने यू-टर्न ले लिया

By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 31 January 2024 04:25 AM


राहुल गांधी ने कहा कि, समझिए नीतीश जी क्यों फंस गए। मैंने उनसे सीधे कहा था कि, आपको बिहार में जातिगत जनगणना करवानी होगी और हमने RJD के साथ मिलकर नीतीश जी पर सर्वे कराने का जोर डाला, मगर भाजपा डर गई।

bannerAds Img
बिहार में हुए राजनितिक उलटफेर से INDIA गठबंधन को लगे झटके के बाद कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने पहली बार सीएम नीतीश कुमार की पलटी पर प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बिहार के सीएम का नाम लिए बिना ही उन पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस सांसद ने कहा है कि, थोड़ा सा दबाव पड़ते ही उन्होंने (नीतीश कुमार) यू-टर्न ले लिया।

थोड़ा सा दबाव पड़ते ही नीतीश ने यू-टर्न ले लिया

आपको बता दें कि, कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा बिहार में दाखिल हो चुकी है। इस दौरान यात्रा में अपने भाषण में राहुल गांधी ने राज्य के मुखिया नीतीश कुमार की चुटकी लेते हुए कहा कि, थोड़ा सा दबाव पड़ा और उन्होंने (नितीश कुमार ने) यू-टर्न ले लिया। मगर दबाव क्यों? क्योंकि हमारा गठबंधन उन मुद्दों को उठा रहा है, जो जनता के लिए मायने रखते हैं।

राहुल गांधी ने सुनाया एक चुटकुला

वहीं एक चुटकुला सुनाते हुए कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि, मुख्यमंत्री राजभवन में शपथ ग्रहण करने गए और शपथ लेने के बाद चले गए। कार में उन्हें महसूस हुआ कि, वह अपना शॉल भूल गए हैं। उन्होंने अपने ड्राइवर को वापस लौटने के लिए कहा। वह राजभवन वापस गए, तो गवर्नर बोल पड़े- इतनी जल्दी फिर वापस क्यों आ गए।

समझिए नीतीश जी क्यों फंस गए

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि, समझिए नीतीश जी क्यों फंस गए। मैंने उनसे सीधे कहा था कि, आपको बिहार में जातिगत जनगणना करवानी होगी और हमने RJD के साथ मिलकर नीतीश जी पर सर्वे कराने का जोर डाला, मगर भाजपा डर गई। वे इस योजना का विरोध कर रहे हैं। नीतीश जी फंस गए और भाजपा ने उन्हें भागने के लिए बैक डोर उपलब्ध करा दिया। लोगों को सामाजिक न्याय दिलाना हमारी गठबंधन की प्राथमिकता है और इसके लिए हमें नीतीश जी की आवश्यकता नहीं है।