H

यौन उत्पीड़न मामले में Prajwal Revanna की बढ़ीं मुश्किलें, SIT ने पीड़ित महिलाओं के लिए जारी किया हेल्पलाइन नंबर

By: payal trivedi | Created At: 06 May 2024 07:45 AM


हासन जेडी (एस) सांसद प्रज्वल रेवन्ना की मुश्किलें और बढ़ती नजर आ रही है। अब पीड़ित महिलाएं खुद विशेष जांच विभाग से संपर्क कर अपनी आपबीती सुनाएंगी।

bannerAds Img
बेंगलुरू: हासन जेडी (एस) सांसद प्रज्वल रेवन्ना (Prajwal Revanna) की मुश्किलें और बढ़ती नजर आ रही है। अब पीड़ित महिलाएं खुद विशेष जांच विभाग से संपर्क कर अपनी आपबीती सुनाएंगी। दरअसल, SIT प्रज्वल रेवन्ना द्वारा महिलाओं के कथित यौन उत्पीड़न की जांच कर रही है। इसी को देखते हुए टीम ने पीड़ितों के लिए उनसे संपर्क करने के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है।

पीड़ित महिलाएं इस नंबर पर सकती हैं संपर्क

एसआईटी प्रमुख और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक बी के सिंह ने एक बयान में कहा कि पीड़ित 6360938947 पर कॉल कर सकते हैं। सिंह ने कहा कि पीड़ितों को एसआईटी कार्यालय जाने की जरूरत नहीं है क्योंकि टीम उन्हें राहत देने के लिए व्यक्तिगत रूप से उनसे संपर्क करेगी।

SIT ने लोगों को दी ये चेतावनी

इस बीच एसआईटी ने बड़े पैमाने पर लोगों को चेतावनी दी कि वे सोशल मीडिया या व्यक्तिगत मैसेंजर एप्लिकेशन पर रेवन्ना द्वारा कथित तौर पर महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न और छेड़छाड़ करने वाले वीडियो को साझा न करें। सिंह ने कहा, 'मैसेंजर सेवाओं पर इन वीडियो को साझा करने वाले लोगों का पता लगाना आसान है, इसलिए ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।' उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे वीडियो साझा करने से पीड़ितों की प्रतिष्ठा और सम्मान को नुकसान होगा।

27 अप्रैल को देश छोड़ हुआ फरार

जानकारी के लिए बता दें कि प्रज्वल (Prajwal Revanna) जेडी (एस)-भाजपा गठबंधन के उम्मीदवार के रूप में हासन से फिर से चुनाव लड़ रहे हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में 26 अप्रैल को मतदान हुआ था। जेडी (एस) पिछले साल सितंबर में भाजपा के नेतृत्व वाले राजग में शामिल हो गया था। कथित तौर पर प्रज्वल ने मतदान के एक दिन बाद 27 अप्रैल को देश छोड़ दिया था और उनके खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया गया है। जबकि प्रज्वल के खिलाफ दुष्कर्म और छेड़छाड़ के मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं, उनके पिता और विधायक एचडी रेवन्ना को 33 वर्षीय सांसद द्वारा कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने वाली एक महिला का अपहरण करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है और पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।