जन आशीर्वाद यात्रा में राजनाथ सिंह ने कहा - शिवराज सिंह राजनीति के धोनी है
By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 05 September 2023 09:27 AM
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि, यदि मैं ये कहूं कि, आपके मामा शिवराज सिंह चौहान राजनीति के धोनी हैं, यह कहना अतिशियोक्ति नहीं होगा।

मध्य प्रदेश के नीमच में बीजेपी के सीनियर नेता व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जन आशीर्वाद यात्रा में सीएम शिवराज सिंह चौहान की जमकर तारीफ की। इस दौरान रक्षा मंत्री ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री को राजनीति का धोनी करार दिया।
शिवराज सिंह चौहान राजनीति के धोनी हैं
जन आशीर्वाद यात्रा को संबोधित करते हुए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि, मैं अभी बैठे-बैठ शिवराज सिंह चौहान के भाषण को सुन रहा था, इससे पहले भी मैंने राजनीति के क्षेत्र में काम करते हुए इन्हें गौर से देखा है। यदि मैं ये कहूं कि, आपके मामा शिवराज सिंह चौहान राजनीति के धोनी हैं, यह कहना अतिशियोक्ति नहीं होगा। उन्होंने इस दौरान अपनी बात पर जोर देते हुए कहा कि, मैं राजनीति का धोनी इसलिए कह रहा हूं, क्योंकि मैं इन्हें लगभग 30 सालों से इन्हें जानता हूं, शुरुआत चाहे जैसी भी हो लेकिन अच्छी फिनिश देकर वो क्रिकेट का मैदान जीतना चाहते हैं, यह शिवराज सिंह चौहान की एक अद्भुत कला है।
राजनीति में ऐसे संवेदनशील नेता विरले ही होते हैं
बीजेपी नेता ने आगे कहा कि, एमपी जो कभी बीमारू प्रदेश के रूप में जाना जाता था, वह आज इस श्रेणी से बाहर निकल चुका है। सीएम शिवराज सिंह ने जनता की सेवक के रूप में सेवा की है। राजनीति में ऐसे संवेदनशील नेता विरले ही होते हैं। साल 2001-02 में मध्य प्रदेश का GDP 71 हजार 594 करोड़ रूपए था। राजनाथ सिंह ने आगे अपने संबोधन में कहा कि, आज 2023 में मध्य प्रदेश का GDP 13 लाख 22 हजार करोड़ रूपए से अधिक हो गया है।मध्य प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय जो 2001-02 में केवल 11 हजार 718 रूपए था वह आज 2023 में दस गुना बढ़ कर 1 लाख 40 हजार रूपए से अधिक हो गई है।