Asia Cup 2023 को जीतकर रोहित शर्मा ने की धोनी और अजहरुद्दीन की बराबरी...
By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 18 September 2023 04:56 PM
रोहित के अलावा एमएस धोनी और अजहरुद्दीन ने भी अपनी कप्तानी में भारत को 2-2 बार एशिया कप का खिताब दिलाया था।

Asia Cup 2023: कप्तान रोहित शर्मा के नेतृत्व में खेले गए एशिया कप फाइनल में भारत ने श्रीलंका पर 10 विकेट से करारी हार थमा कर 8वीं बार चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। आपको बता दें कि, खिताबी मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंकाई टीम भारतीय तेज गेंदबाजों के आगे 15.2 ओवर में महज 50 रन हो बना पाई। इस लक्ष्य के जवाब में भारत ने 6.1 ओवर में बिना विकेट गंवाए 51 रन बनाकर मैच को आसानी से जीत लिया।
बतौर कप्तान रोहित शर्मा का यह दूसरा एशिया कप खिताब है
बतौर कप्तान रोहित शर्मा का यह दूसरा एशिया कप खिताब है। इसके साथ ही शर्मा ने पूर्व कप्तान एमएस धोनी और मोहम्मद अजहरुद्दीन की बराबरी कर ली। इससे पहले रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने साल 2018 में एशिया कप का खिताब जीता था। उस समय भारत ने फाइनल में लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश पर रोमांचक जीत दर्ज की थी। वहीं रोहित के अलावा एमएस धोनी और अजहरुद्दीन ने भी अपनी कप्तानी में भारत को 2-2 बार एशिया कप का खिताब दिलाया था।
रोहित शर्मा ने वनडे क्रिकेट में अपने 10,000 रन पूरे किए
आपको बता दें कि, रोहित शर्मा बतौर खिलाड़ी चौथी बार एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। इससे पहले शर्मा 2010 और 2016 (टी20 प्रारूप) के विजयी भारतीय टीम का हिस्सा रह चुके है। इस एशिया कप में कप्तान रोहित शर्मा ने वनडे क्रिकेट में अपने 10,000 रन भी पूरे किए। वे इस उपलब्धि को हासिल करने वाले विश्व के दूसरे सबसे तेज (241 पारी) बल्लेबाज बने। बता दें कि, पहले स्थान पर विराट कोहली हैं, जिन्होंने 205 पारियों का सहारा लिया। इसके साथ ही रोहित शर्मा ने वनडे में बतौर सलामी बल्लेबाज सबसे तेज 8,000 रन भी पूरे किए।