H

अमित शाह का कांग्रेस पर बड़ा हमला, बोले - लोकतंत्र में कोई भी सीट मां या बाप की नहीं होती

By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 13 May 2024 12:44 PM


अमित शाह ने कहा कि, यूसीसी सभी धर्म के लोगों का है। धारा 370 भेद करता था। हमने कोई भेद करने वाला काम नहीं किया है।

bannerAds Img
राहुल गांधी के वायनाड के बाद यूपी की रायबरेली सीट से चुनाव लड़ने पर गृहमंत्री अमित शाह ने तीखा हमला बोला है। बता दें कि, एक टीवी कार्यक्रम में एंकर द्वारा रायबरेली की सीट को सोनिया गांधी की सीट कहने पर ने केंद्रीय गृहमंत्री ने कड़ी आपत्ति जताई। बीजेपी नेता अमित शाह ने कहा कि, लोकतंत्र में कोई भी सीट मां या बाप की नहीं होती है। शाह ने आगे कहा कि, मां की सीट, बाप की सीट कहने की गांधी परिवार ने मीडिया को आदत डाल दी है। मां की सीट कैसे हो सकती है। क्या इटली से लेकर आए थे क्या। कोई सीट किसी की नहीं होती है। जनता तय करती है कि उनका जनप्रतिनिधि कौन होगा।

वायनाड के लोगों के साथ धोखा

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि, कोई भी देश में दो जगह से चुनाव लड़ सकते हैं, मगर वायनाड का चुनाव देखना। वहां देखना की हार का डर है। बीजेपी नेता ने कांग्रेस सांसद पर तंज करते हुए कहा कि, आपको वायनाड के समय ही बताना चाहिए था कि, रायबरेली से भी लड़ेंगे। यह अच्छी बात नहीं है। पारदर्शिता रखनी चाहिए।

फेक वीडियो क्यों बनाना पड़ा

आरक्षण को लेकर भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता अमित शाह ने कहा कि, फेक वीडियो क्यों बनाना पड़ा। वह लोग आत्मविश्वास खो चुके हैं। जहां तक आरक्षण का सवाल है। हमारे पास दस साल से पूर्ण बहुमत है। हमने इसका इस्तेमाल आरक्षण हटाने के लिए नहीं किया। केंद्रीय गृहमंत्री ने अपने इस बयान में कहा कि, धारा 370 हटाने, ट्रिपल तलाक हटाने, राम मंदिर बनाने के लिए पूर्ण बहुमत का इस्तेमाल किया है।

आरक्षण पर आघात इन लोगों ने ही किया है

केंद्रीय गृहमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि, आरक्षण पर आघात इन लोगों ने ही किया है। कर्नाटक और हैदराबाद में धर्म के आधार पर आरक्षण दिया है। इससे पिछड़ा और एससी-एसटी का आरक्षण कम हुआ है। इसके साथ ही बीजेपी नेता अमित शाह ने यह भी कहा कि, यूसीसी सभी धर्म के लोगों का है। धारा 370 भेद करता था। हमने कोई भेद करने वाला काम नहीं किया है। हमने सालों से चल रहा अन्याय निरस्त करने का काम किया है।