H

BJP-RSS जहर के समान: कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे बोले -ये आखिरी मौका है, वरना मोदी पुतिन बन जाएंगे

By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 30 January 2024 06:53 AM


मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि, भारत में लोकतंत्र को बचाने के लिए लोगों के लिए यह आखिरी मौका होगा। अगर नरेंद्र मोदी एक और चुनाव जीतते हैं, तो देश में तानाशाही होगी।

bannerAds Img
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आशंका जताई कि, 2024 का लोकसभा चुनाव लोगों के लिए लोकतंत्र को बचाने का आखिरी मौका होगा, क्योंकि बीजेपी आगामी चुनाव जीतती है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तानाशाही पसंद कर सकते हैं। खड़गे ने लोगों से बीजेपी और उसके विचारक RSS से दूर रहने का भी आग्रह किया और आरोप लगाया कि, वे "जहर के समान" हैं।

नरेंद्र मोदी चुनाव जीतते हैं, तो देश में तानाशाही होगी

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि, भारत में लोकतंत्र को बचाने के लिए लोगों के लिए यह आखिरी मौका होगा। अगर नरेंद्र मोदी एक और चुनाव जीतते हैं, तो देश में तानाशाही होगी। भाजपा रूस में पुतिन की तरह भारत पर शासन करेगी। खड़गे ने कहा कि, पीएम मोदी के नेतृत्व वाली मौजूदा सरकार राज्यों और विपक्ष के नेताओं को डरा-धमका कर चलाई जा रही है। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि, नेताओं को नोटिस भेजे जा रहे हैं और ED तथा आयकर राजनीतिक विरोधियों को कुचलने के हथियार बन गए हैं।

राहुल गांधी को अक्सर धमकी दी जाती थी

कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे अपने संबोधन में कहा कि, लोगों को BJP और RSS की विचारधाराओं के बारे में पता होना चाहिए। मल्लिकार्जुन खड़गे ने आरोप लगाया कि, BJP और RSS की विचारधारा का विरोध करने पर नेताओं को अपनी पार्टियां, दोस्ती और गठबंधन छोड़ने की धमकी दी जाती है। खड़गे ने दावा किया कि, राहुल गांधी को अक्सर धमकी दी जाती थी, क्योंकि वह BJP और RSS का विरोध करते थे। हालांकि, राहुल गांधी उनके दबाव में नहीं आए और ऐसी ताकतों के खिलाफ लड़ते रहे जो देश को बांटना चाहते हैं।