H

इंडी गठबंधन ने आगे की रणनीति बनाने के लिए मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर की बैठक

By: Richa Gupta | Created At: 06 June 2024 07:00 AM


लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम आने के बाद अब सरकार बनाने की कवायद शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में कल NDA और इंडिया गठबंधन की बैठक हुईं।

bannerAds Img
लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम आने के बाद अब सरकार बनाने की कवायद शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में कल NDA और इंडिया गठबंधन की बैठक हुईं। NDA की बैठक में सर्वसम्मति से पीएम नरेंद्र मोदी को संसदीय दल का नेता चुना गया। वहीं दूसरी तरफ इंडिया गठबंधन ने आगे की रणनीति बनाने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर बैठक की। करीब डेढ़ घंटे चली इस बैठक में सोनिया, राहुल और प्रियंका गांधी, शरद पवार और उनकी बेटी सुप्रिया सुले, शिवसेना (उद्धव गुट) के संजय राउत, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, टीएमसी के नेता अभिषेक बनर्जी, आरजेडी के तेजस्वी यादव, डीएमके के नेता एमके स्टालिन, झारखंड के सीएम चंपई सोरेन और हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना, आप नेता राघव चड्ढा और सीपाईएम के सीताराम येचुरी समेत कई नेता शामिल हुए।

गठबंधन में सभी का स्वागत - खरगे

बैठक में खरगे ने इंडिया गठबंधन में सभी दलों का स्वागत करते हुए कहा कि हम बहुत अच्छा और एकसाथ लड़े। इंडिया गठबंधन उन सभी पार्टियों का स्वागत करता है, जो संविधान में लिखी आर्थिक, सामाजिक, राजनीतिक न्याय की बातों का सम्मान करते हैं। मोदी और उनके तरीके की राजनीति के खिलाफ जनादेश मिला है। व्यक्तिगत रूप से यह उनके लिए बड़ा राजनीतिक नुकसान है। यह उनकी नैतिक हार है। उन्होंने मीटिंग के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "हमारी बैठक में गठबंधन पार्टी के नेताओं ने मौजूदा राजनीतिक हालत और मौजूदा परिस्थिति पर बहुत से सुझाव आए और चर्चा हुई, निष्कर्ष यह निकला कि हम सब मिलकर एक साथ यह कहना चाहते हैं- 'INDIA गठबंधन के घटक हमारे गठबंधन को मिले भारी समर्थन के लिए भारत की जनता का आभार व्यक्त करते हैं। जनता के जनादेश ने भाजपा और उसकी नफरत, भ्रष्टाचार की राजनीति को करारा जवाब दिया है। यह जनादेश भारत के संविधान की रक्षा और महंगाई, बेरोजगारी व क्रोनी पूंजीवाद के खिलाफ तथा लोकतंत्र को बचाने के लिए है। INDIA गठबंधन मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा के फासीवादी शासन के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगा।'"