H

जबलपुर के लोगों को ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिया बड़ा तोहफा, जुलाई से शुरू होगी मुंबई के लिए सीधी फ्लाइट

By: Richa Gupta | Created At: 29 May 2024 12:05 PM


केंद्रीय नागरिक विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मध्य प्रदेश के जबलपुर और आसपास के जिलों के विमान यात्रियों को खुशखबरी दी है।

bannerAds Img
केंद्रीय नागरिक विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मध्य प्रदेश के जबलपुर और आसपास के जिलों के विमान यात्रियों को खुशखबरी दी है। उन्होंने बताया कि 1 जुलाई से इंडिगो जबलपुर से मुंबई के बीच सीधी फ्लाइट शुरू करने जा रहा है। वहीं प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह से दिल्ली में मुलाकात के दौरान स्पाइसजेट के प्रबंधन ने भी जबलपुर से दिल्ली-मुंबई के लिए तीन महीने में नियमित उड़ानें शुरू करने का आश्वासन दिया है।

इंडिगो का धन्यवाद और आभार

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने सोशल मीडिया हैंडल X पर ट्वीट कर कहा कि 'ऐतिहासिक नगरी जबलपुर को देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से विमानन द्वारा पुनः जोड़ने के लिए इंडिगो का धन्यवाद और आभार। एक जुलाई से प्रारम्भ होने वाली इस उड़ान से जबलपुर में पर्यटन और व्यापार को नया आयाम मिलेगा। जबलपुर को देश के सभी बड़े शहरों से जोड़ना हमारी प्राथमिकता है और इस दिशा में प्रयास निरंतर जारी है।'

जबलपुर मुंबई फ्लाइट की बुकिंग भी शुरू हो गई है

केंद्रीय मंत्री सिंधिया की घोषणा के बाद इंडिगो की 1 जुलाई से शुरू हो रही जबलपुर मुंबई फ्लाइट की बुकिंग भी शुरू हो गई है। ट्रैवल कंपनियों के बुकिंग विंडो में इस फ्लाइट की डिटेल शो होने लगी है। फिलहाल इंडिगो की फ्लाइट में इस रूट का फेयर 5641 दिख रहा है, जो अभी तक कनेक्टिंग फ्लाइट में 20 हजार रुपये तक लग रहा था। नई फ्लाइट एक जुलाई से 26 अक्टूबर तक के लिए शो हो रही है।