स्वामी प्रसाद मौर्य का विवादित बयान, बोले - अगर हिंदू राष्ट्र हो सकता है तो खालिस्तान क्यों नहीं?
By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 26 August 2023 02:24 PM
स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा - मुश्किल से मिली स्वतंत्रता को बचाते हुए संविधान के अनुसार पंथ निरपेक्ष राष्ट्र बना रहना ही उचित है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव स्वामी प्रसाद मौर्य अक्सर अपने बयानों से चर्चाओं में बने रहते हैं। अब एक बार फिर मौर्य ने विवादित बयान दिया है। स्वामी प्रसाद मौर्य ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंड़ित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, अगर हिंदू राष्ट्र हो सकता है तो खालिस्तान क्यों नहीं? इसी तरह अन्य धर्मों के नाम पर भी देश का बंटवारा होगा। सपा नेता कहा कि, मुश्किल से मिली स्वतंत्रता को बचाते हुए संविधान के अनुसार पंथ निरपेक्ष राष्ट्र बना रहना ही उचित है।
सरकार नौजवान और किसान के लिए कुछ नहीं कर रही है
पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने आगे भारतीय जनता पार्टी को कोसते हुए कहा कि, यह सरकार नौजवान और किसान के लिए कुछ नहीं कर रही है। आगे उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि, डबल इंजन की सरकार देश के नौकरी देने वाले संस्थानों को अडानी और अंबानी को बेचकर उन्हें मोटा बना रही है।
विवादों से रहा है मौर्य का नाता
आपको बता दें कि, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव स्वामी प्रसाद मौर्य इससे पहले भी कई बार विवादित बयान दे चुके हैं। हिंदुओं की पवित्र पुस्तक रामचरितमानस पर भी स्वामी प्रसाद मौर्य विवादित टिप्पणी कर चुके हैं और उनके समर्थकों ने रामचरितमानस के पन्ने भी फाड़े थे। इसके अलावा स्वामी प्रसाद मौर्य ने रामचरितमानस की एक चौपाई को विवादित बताते हुए उसे पुस्तक से हटाने की मांग की थी। हालांकि, इसका काफी विरोध भी हुआ था।