H

लाडली बहनों से सीएम डॉ. मोहन यादव बोले - रघुकुल रीत सदा चली आई, प्राण जाए पर वचन न जाई, खाते में डल गए 1250 रुपए

By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 04 May 2024 12:19 PM


सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि, लाडली बहनों चिंता मत करना, आपके खाते में 1250 रुपए डल गए हैं। ये भाजपा की जुबान है मोदी जी का समय है।

bannerAds Img
देश में लोकसभा चुनाव का माहौल अपने पूरे शबाब पर हैं। देशभर में 7 चरणों में चुनावों को आयोजित किया जाना है, इसमें से दो चरणों को लेकर चुनाव संपन्न हो चुके हैं। इसी को लेकर देश की सभी राजनीतिक पार्टियां अपने चुनावी प्रचार-प्रसार में पूरी ताकत के साथ जुटी हुई हैं। वहीं लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में 7 मई को मध्य प्रदेश की 8 संसदीय सीटों पर मतदान है। इन सीटों में मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल एवं राजगढ़ सीट शामिल हैं। इसी बीच एमपी के सीएम डॉ. मोहन यादव ने राज्य की लाडली बहनों के लिए खुशखबरी दी है।

रघुकुल रीत सदा चली आई, प्राण जाए पर वचन न जाई

एमपी के भिंड के अटेर में एक जनसभा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लाडली बहनों के लिए खुशखबरी दी है। सूबे के मुखिया डॉ. मोहन यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, लाडली बहनों के खाते में योजना के तहत 1250 रुपए डाल दिए गए हैं। उनके खातों में जल्द ही राशि पहुंच जाएगी। इस दौरान उन्होंने कहा कि, रघुकुल रीत सदा चली आई, प्राण जाए पर वचन न जाई।

आपके खाते में 1250 रुपए डल गए हैं

सीएम डॉ. मोहन यादव ने इस जनसभा में आगे कहा कि, लाडली बहनों चिंता मत करना, आपके खाते में 1250 रुपए डल गए हैं। ये भाजपा की जुबान है मोदी जी का समय है। कांग्रेस के लोग रोज दिन गिनते रहते हैं। इस महीने आ गए, अगले महीने नहीं आयेंगे। तुम रोते रहो हम अपनी बहनों को पैसे पहुंचाते रहेंगे।