H

MP NEWS: वॉशिंग मशीन साथ लेकर कांग्रेस ने दिया धरना...

By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 01 April 2024 07:20 AM


कांग्रेस नेताओं ने कहा कि, बीजेपी सरकार लोकतंत्र को कुचल रही है। ईडी, आईटी और सीबीआई के जरिये कांग्रेस पार्टी सहित पूरे विपक्ष को डराने का काम किया जा रहा है।

bannerAds Img
मध्य प्रदेश के खंडवा शहर के मध्य स्थित केवलराम चौराहे पर कांग्रेस नेताओं ने एकजुट होकर अलग अंदाज में एक वॉशिंग मशीन साथ लेकर अपना विरोध प्रदर्शन किया। इस मशीन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पोस्टर भी चिपकाए हुए थे, जिन पर लिखा था भाजपा की वाशिंग मशीन। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, बीजेपी की इस वाशिंग मशीन में सारे दाग धुल जाते हैं। मिली जानकारी के अनुसार, ये विरोध कांग्रेस के खाते सील करने की आयकर विभाग की कार्रवाई को लेकर था।

बीजेपी विपक्ष को डराने का काम कर रही

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि, बीजेपी सरकार लोकतंत्र को कुचल रही है। ईडी, आईटी और सीबीआई के जरिये कांग्रेस पार्टी सहित पूरे विपक्ष को डराने का काम किया जा रहा है। कांग्रेस मुक्त और विपक्ष मुक्त देश बनाने की साजिश भाजपा की सरकार कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि, देश में युवाओं के पास रोजगार नहीं है, महंगाई चरम पर है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम आसमान पर हैं। बावजूद भाजपा महंगाई सहित मुख्य मुद्दों पर बात ही नहीं करना चाहती।

बीजेपी की मशीन से धुल रहे दाग

ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष अजय ओझा ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि, जो भ्रष्टाचार में लिप्त हैं, वो कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में जा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि, हमारा ऐसा मानना है कि, वे डर से भाजपा में जा रहे हैं और बीजेपी में जाने के बाद उनका शुद्धिकरण कर दिया गया है। इसलिए आज के विरोध में एक वाशिंग मशीन बुलाकर रखी गई है, ताकि जनता समझ जए की भ्रष्टाचारी भाजपा में जाकर उनके सारे दाग धुल रहे हैं।