H

Monsoon 2024: केरल पहुंचा मानसून, राजस्थान में सामान्य से अधिक बारिश का अनुमान, जानें प्रदेश में कब लेगा एंट्री?

By: payal trivedi | Created At: 31 May 2024 03:49 AM


देश में मानसून की एंट्री हो गई है। इस बार मानसून केरल में समय से दो दिन पहले पहुंचा है। वहीं, पूर्वोत्तर के राज्यों अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, नगालैंड, मेघालय, मिजोरम, मणिपुर और असम में समय से एक सप्ताह पहले मानसून की एंट्री हुई है।

bannerAds Img
Jaipur: देश में मानसून की एंट्री हो गई है। इस बार मानसून केरल (Monsoon 2024) में समय से दो दिन पहले पहुंचा है। वहीं, पूर्वोत्तर के राज्यों अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, नगालैंड, मेघालय, मिजोरम, मणिपुर और असम में समय से एक सप्ताह पहले मानसून की एंट्री हुई है। राजस्थान में भी मानसून समय से पहुंचने की संभावना है। जयपुर मौसम केन्द्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा का कहना है कि मानसून राजस्थान में कब तक आएगा इसकी तारीख अभी घोषित नहीं की जा सकती। सामान्यतः: केरल में मानसून आने के 25 दिन बाद राजस्थान में एंट्री होती है। संभावना है कि राजस्थान में जून के आखिरी सप्ताह में मानसून की एंट्री हो सकती है।

इस बार सामान्य से ज्यादा बारिश का अनुमान

राधेश्याम शर्मा ने बताया कि इस बार राज्य में मानसून अच्छा रहने की उम्मीद है। कई स्थानों पर सामान्य और कई जगह सामान्य से ज्यादा बारिश का पूर्वानुमान है। पिछले दिनों केन्द्रीय मौसम विभाग ने जो फोरकास्ट जारी किया था उसमें केरल में मानसून की एंट्री की घोषणा 31 मई को की थी। वहीं, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, बिहार, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, आंध्रा प्रदेश, तेलंगाना, चेन्नई में इस बार सामान्य से ज्यादा बारिश का अनुमान जताया है। राजस्थान की बात करें तो यहां पूरे प्रदेश में मानसून सामान्य से अधिक रहने की उम्मीद है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, फलोदी और पूर्वी राजस्थान के अलवर, झुंझुनूं के एरिया में बारिश थोड़ा ज्यादा होने का अनुमान है।

सामान्य से 15 फीसदी ज्यादा हुई थी बारिश

साल 2023 में मानसून की एंट्री 25 जून (Monsoon 2024) को हुई थी, तब पूरे राजस्थान में जून से सितम्बर के दौरान सामान्य से 15 फीसदी ज्यादा पानी बरसा था। राज्य में मानसून सीजन के दौरान 435.6MM सामान्य बरसात होती है, जबकि पिछले सीजन में 499.7MM औसत बारिश हुई थी।

पिछले 10 साल में दो बार सामान्य से कम बारिश

पिछले 10 साल के मानसून की रिपोर्ट देखें तो दो सीजन ऐसे रहे हैं, जब मानसून की बारिश सामान्य या उससे कम हुई हो। साल 2018 में मानसून के दौरान राजस्थान में औसत बरसात 393.3MM हुई थी, जबकि उस समय सामान्य औसत बरसात 419.6MM होती थी। इसी तरह साल 2014 में भी राजस्थान में मानसून सीजन में औसत बरसात 420.4MM हुई, जबकि सामान्य औसत बारिश 419MM आंकी जाती थी।