H

तेजस्वी यादव का पीएम मोदी पर पलटवार, बोले - मैं शहजादा तो प्रधानमंत्री 'पीरजादे'

By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 05 May 2024 10:09 AM


तेजस्वी यादव ने कहा कि, बिहार में हर कोई पूछ रहा है कि, पीएम मोदी आप अपने 10 वर्षों का हिसाब क्यों नहीं दे रहे हैं।

bannerAds Img
पीएम मोदी ने बिहार के दरभंगा की रैली में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव का नाम लिए बिना उन पर कटाक्ष कसते हुए शहजादा बताया था। वहीं अब पीएम मोदी के इस बयान पर तेजस्वी यादव ने तीखा पलटवार करते हुए कहा कि, प्रधानमंत्री जी 'पीरजादा' है, इसलिए ‘शहजादा’ बोल रहे हैं। वो परिजादे यानी बुजुर्ग हैं, पीएम हैं, हम छोटे लोगों को कुछ भी बोल सकते हैं। नेता प्रतिपक्ष यादव ने आगे कहा कि, पीएम मोदी का हक है कि, वे कहीं भी, कुछ भी, कैसे भी बोल सकते हैं, लेकिन वे झूठ अधिक बोलते हैं। मिथिला की धरती प्रबुद्ध लोगों की धरा है, यहां के लोग पीएम से बेकार की नहीं, काम की बात सुनना चाहते हैं।

पीएम मोदी अपने 10 वर्षों का हिसाब क्यों नहीं दे रहे हैं

बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया साइट 'एक्स' के माध्यम से पीएम मोदी से कई सवाल भी पूछे हैं। लालू के छोटे बेटे तेजस्वी ने कहा कि, बिहार में हर कोई पूछ रहा है कि, पीएम मोदी आप अपने 10 वर्षों का हिसाब क्यों नहीं दे रहे हैं। 2019 में बिहार में आपको 40 में से 39 सांसद दिए, लेकिन अपने बिहार को क्या दिया। 26 सांसद वाले गुजरात को विगत 5 वर्षों में पीएम मोदी ने देश के लाखों करोड़ रुपए दिए, लेकिन बिहार को फूटी कौड़ी भी नहीं दी। यह आरोप तो नीतीश सरकार ने निरंतर मोदी सरकार पर लगाया है। यादव ने आगे कहा कि, लोग पूछ रहे कि लगातार 10 वर्ष से जीत रहे एनडीए के सांसद पूरे कार्यकाल में क्षेत्र से गायब क्यों रहे? RJD नेता तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया साइट 'एक्स' के माध्यम से लोगों से 8 सवाल पूछे और खुद उत्तर ढूंढने की कोशिश करने का आग्रह किया।

तेजस्वी यादव के 8 सवाल...

1. 10 वर्षों से अधिक समय से डबल इंजन की सरकार है?

2. मोदी सरकार के आने से क्या आपको नौकरी मिली?

3. 10 वर्षों में आपके गांव को क्या मिला?

4. जिला और क्षेत्र को क्या मिला?

5. क्या गांव का स्कूल अपग्रेड हुआ, गांव में हॉस्पिटल बना?

6. उद्योग लगाया?

7. कोई बड़ा निवेश बिहार में आया ?

8. 10 वर्षों में जितना निवेश और विकास गुजरात में हुआ, उतना बिहार में क्यों नहीं हुआ?