Rajasthan में आज प्रियंका गांधी बजाएंगी चुनावी बिगुल, निवाई में करेंगी ग्रामीण इंदिरा रसोई योजना की लॉन्चिंग
By: payal trivedi | Created At: 10 September 2023 11:06 AM
प्रदेश में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव (Rajasthan) के मद्देनजर कांग्रेस ने अब अपने केंद्रीय नेताओं को चुनावी रण में उतार दिया है।

निवाई: प्रदेश में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव (Rajasthan) के मद्देनजर कांग्रेस ने अब अपने केंद्रीय नेताओं को चुनावी रण में उतार दिया है। 6 सितंबर को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की भीलवाड़ा के गुलाबपुरा में जनसभा के बाद अब कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की भी रविवार को टोंक जिले के निवाई में जनसभा होगी, जहां पर प्रियंका गांधी आधी आबादी को साधने का प्रयास करेंगी। प्रियंका गांधी की जनसभा में महिलाओं की ज्यादा से ज्यादा भीड़ जुटाने का लक्ष्य स्थानीय नेताओं को दिया गया है।
दोपहर 12 बजे पहुंचेंगी सभा स्थल
निवाई राजकीय मॉडल स्कूल में होने वाली जनसभा की तैयारियां पिछले कई दिनों से जोर-शोर से चल रही है। प्रियंका दोपहर 12 बजे सभा स्थल पर पहुंचेंगी। निवाई के केरोद मोड़ पर हेलीपैड बनाए गए हैं।
ग्रामीण इंदिरा रसोई योजना की भी होगी लॉन्चिंग
जनसभा से पहले प्रियंका गांधी और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Rajasthan) निवाई के झिलाए प्रदेश की पहली ग्रामीण इंदिरा रसोई योजना की भी लॉन्चिंग करेंगे। इसके साथ ही प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में रविवार से 400 रसोई शुरू हो जाएंगी। प्रियंका गांधी महिलाओं और स्कूली छात्राओं को फ्री स्मार्टफोन भी वितरित करेंगी। बताया जाता है कि प्रियंका गांधी जनसभा के दौरान महिलाओं को राजनीति में आगे आने के लिए भी आह्वान कर सकती हैं।
चार जिलों के मतदाताओं को साधने का करेंगी प्रयास
वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की जनसभा के जरिए टोंक, जयपुर, दौसा, सवाई माधोपुर और अजमेर जिलों के मतदाताओं को साधने का प्रयास किया जाएगा। इन चार जिलों से ही पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक संख्या में भीड़ जुटाने का लक्ष्य दिया गया है।
सचिन पायलट के गढ़ के बेहद करीब है निवाई
वहीं पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट के निर्वाचन क्षेत्र टोंक के निकटवर्ती (Rajasthan) निवाई में प्रियंका गांधी की जनसभा के दौरान सभी की निगाहें सचिन पायलट में रहेगी। पायलट को प्रियंका गांधी का बेहद करीबी माना जाता है, पिछले कई सालों में ऐसे कई मौके आए हैं जब प्रियंका गांधी ने खुलकर पायलट की पैरवी की है।