हम चांद के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान लैंड करा चुके, इनका राहुलयान लांच नहीं हुआ - राजनाथ सिंह
By: Richa Gupta | Created At: 30 October 2023 11:19 AM
मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को इंदौर में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को इंदौर में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि हम चांद के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान लैंड करा चुके हैं और इनका (कांग्रेस का) राहुलयान आज तक लांच तक नहीं हुआ।
मध्य प्रदेश भारत का दिल है
बता दें कि राजनाथ सिंह रविवार को इंदौर में भाजपा प्रत्याशी और पार्टी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के मुख्य चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश को हिन्दुस्तान का दिल कहा गया है। मैं मानता हूं कि अगर मध्य प्रदेश भारत का दिल है तो इंदौर उस दिल की धड़कन है और इंदौर की धड़कन उम्मीदवार कैलाश विजयवर्गीय हैं। राजनाथ ने आगे कहा कि, मैनें जिंदगी में चुनावी कार्यालय का उद्घाटन इससे पहले कभी नही किया। पहली बार कैलाश विजयवर्गीय के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन करने आया हूं और कैलाश के विश्वसनीयता पर कोई सवाल खड़ा नहीं कर सकता।
औद्योगिक विकास दर 24 फीसदी
इस दौरान राजनाथ सिंह ने राम मंदिर, धारा-370, पूर्ववर्ती दिग्विजय सिंह सरकार के दौरान मध्य प्रदेश की खस्ताहाल सड़क इत्यादि का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश भारत का संभवतः अकेला प्रदेश है जहां पर औद्योगिक विकास दर 24 फीसदी है। इंदौर में जब ग्लोबल इनवेस्टर समिट हुआ था, तो 15 लाख 42 हजार करोड़ रूपये के एमओयूज पर दस्तखत हुए थे।
कांग्रेस सरकार ने दो लाख आवास लौटा दिए
राजनाथ सिंह ने कमलनाथ के 15 माह के कार्यकाल को लेकर कहा कि जब उनकी यहां सरकार थी तो केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत आठ लाख आवास स्वीकृत किए थे, मगर यहां पर कांग्रेस सरकार ने दो लाख आवास लौटा दिए।। कमलनाथ सरकार ने किसान सम्मान निधि रोक दी थी, उन्हें डर था कि कहीं इसका श्रेय मोदी सरकार को न मिल जाए।
सीएम शिवराज की तारीफ की
इसके साथ ही राहुल गांधी पर चुटकी लेते हुए कहा, हमारे यहां मंगलयान चंद्रयान सफलतापूर्वक लैंडिंग कर रहा है लेकिन कांग्रेस का राहुलयान यहां ना ही लैंडिंग कर रहा है और ना ही लॉन्चिंग हो रहा है। राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की तारीफ करते हुए कहा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बड़े खिलाड़ी हैं क्रिकेट के खिलाड़ी हैं और वह क्रिकेट के धोनी है और कैलाश विजयवर्गी भी हार्दिक पांड्या हैं, जो की ऑलराउंडर हैं।