H

मध्य प्रदेश में समय से दो दिन पहले पहुंचेगा मानसून

By: Sanjay Purohit | Created At: 01 June 2024 11:05 AM


मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच राजधानी भोपाल में बदल छाए हैं। इससे तापमान में कुछ गिरावट आई है। मौसम विभाग का कहना है कि मध्य प्रदेश में मानसून दो दिन पहले पहुंच जाएगा।

bannerAds Img
नौतपा के आठवें दिन मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। यहां तापमान में गिरावट देखी जा रही है। दोपहर एक बजे के करीब भोपाल का तापमान 38 डिग्री दर्ज किया गया है। जबकि एक दिन पहले इसी समय 42 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया था। आसमान में बादल छाए हुए हैं, जिससे लोगों को आने-जाने में ज्यादा परेशानी नहीं आ रही है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के मध्य प्रदेश में 15 जून तक पहुंचने की संभावना है, जो राज्य में अपने सामान्य आगमन से दो दिन पहले है।

केरल और पूर्वोत्तर में मानसून का एक साथ आना काफी दुर्लभ

आईएमडी भोपाल के मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने गुरुवार को केरल और पूर्वोत्तर क्षेत्र में समय से पहले दस्तक दे दिया। केरल और पूर्वोत्तर में मानसून का एक साथ आना काफी दुर्लभ है और इससे पहले चार मौकों पर ऐसा हुआ है 2017, 1997, 1995 और 1991 में इस तरह मानसून आया था।

प्रदेश में सामान्य से अधिक बरसेगा मानसून

पिछले साल मध्य प्रदेश में मानसून ने 25 जून को दस्तक दे दी थी। वहीं मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस बार 15 जून के आसपास मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री हो जाएगी। हालांकि इस बीच प्री मानसून की भी कुछ बारिश होने की संभावना बनी हुई है। साथ ही मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मध्य प्रदेश में इस बार सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है।