सीएम योगी ने कहा कि, 2014 से पहले दुनिया भारत को महत्व नहीं देती थी, लेकिन उसके बाद नजरिया बदल गया।
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के राजनगर विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि, कांग्रेस देश के लिए बोझ और समस्या बन गई है। योगी ने कहा कि, हाल ही में अयोध्या में भव्यता के साथ दिपोत्सव का समारोह मनाया गया। क्या कांग्रेस के राज में ऐसा संभव था? उन्होंने आगे संबोधन में कहा कि, आने वाली 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, क्या यह कांग्रेस शासन में संभव था।
लोगों ने कांग्रेस और बीजेपी को देखा है
सीएम योगी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, लोगों ने कांग्रेस और बीजेपी को देखा और समझा है। भारतीय जनता पार्टी के सत्ता में आने के बाद काशी विश्वनाथ मंदिर में एक विशाल गलियारा बनाया गया। केदारनाथ का पुनर्विकास किया गया तथा उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर में एक गलियारा विकसित किया गया। वहीं अब 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा होगी। क्या यह कांग्रेस शासन में संभव था।
कांग्रेस देश के लिए समस्या बन गई है
उन्होंने चुनावी विशाल जनसभा में कहा कि, कांग्रेस देश, प्रदेश, जनता, गरीबों, किसानों, युवाओं एवं माताओं-बहनों के लिए बोझ और समस्या बन गई है। इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि, 2014 से पहले दुनिया भारत को महत्व नहीं देती थी, लेकिन उसके बाद नजरिया बदल गया। अब विश्व भारत की तरफ सकारात्मक दृष्टि से देख रही है। जब भी दुनिया पर कोई संकट आता है तो वह भारत की तरफ आशा की दृष्टि से देखती है।
2014 से पहले दुश्मन देशों ने भारत में घुसपैठ की
यूपी के सीएम ने कहा कि, 2014 से पहले दुश्मन देशों ने भारत में घुसपैठ की। हर दिन लद्दाख, कश्मीर, कारगिल और अरुणाचल प्रदेश में घुसपैठ की खबरें आती थीं, लेकिन अब हालात बदल गए हैं। अगर आतंकवादी कोई दुस्साहस करते हैं तो भारत ना सिर्फ ऐसे तत्वों को व उनके सरपरस्तों को भी उनकी सीमा में घुसकर सबक सिखाता है।