H

स्थापना दिवस पर भाजपा दिखाएगी ताकत, बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं को लाने की तैयारी

By: Richa Gupta | Created At: 30 March 2024 02:33 AM


छह अप्रैल को स्थापना दिवस पर भारतीय जनता पार्टी बड़े स्तर पर शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में है। पार्टी स्थापना दिवस पर बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं को तोड़कर भाजपा की सदस्यता दिलाने जा रही है।

bannerAds Img
छह अप्रैल को स्थापना दिवस पर भारतीय जनता पार्टी बड़े स्तर पर शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में है। पार्टी स्थापना दिवस पर बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं को तोड़कर भाजपा की सदस्यता दिलाने जा रही है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास पर भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने लोकसभा चुनाव को लेकर की गई समीक्षा बैठक में इसकी रणनीति तैयार की। पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, लोकसभा चुनाव प्रदेश प्रभारी डा. महेंद्र सिंह एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शामिल रहे।

मध्य प्रदेश में चार चरणों में चुनाव होने

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में चार चरणों में चुनाव होने हैं। पहले और दूसरे चरण में विंध्य, महाकोशल और बुंदेलखंड की लोकसभा सीटों के लिए अगले माह मतदान संपन्न होंगे। बूथ विजय के संकल्प के साथ जी-जान से जुट जाएं। प्रत्येक बूथ पर 370 वोट बढ़ाने हैं। इसके लिए बूथ प्रभारी और पन्ना प्रमुख की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। विधानसभा चुनाव की तरह ही सुबह छह बजे उठकर स्वयं और परिवार को मतदान कराए इसके बाद अपने पड़ोसियों को भी बूथ तक ले जाकर मतदान कराएं। समीक्षा बैठक में क्लस्टर प्रभारी, संभाग प्रभारी, जिलाध्यक्ष, लोकसभा प्रभारी, सह प्रभारी, लोकसभा संयोजक और सह संयोजक और पूर्व एवं वर्तमान विधायक उपस्थित रहे।

वोट प्रतिशत बढ़ाने पर जोर दिया गया

विंध्य, महाकौशल और बुंदेलखंड में पहले चरण में छह और दूसरे चरण में सात लोकसभा सीटों पर मतदान कराए जाएंगे। इसके लिए बैठक में प्रत्येक बूथ पर पार्टी कार्यकर्ता की तैनाती सुनिश्चित कर वोट प्रतिशत बढ़ाने पर जोर दिया गया। बैठक में हारे हुए 17 हजार बूथों को लेकर भी चर्चा हुई। यहां भाजपा का अधिक फोकस है। वहीं जीते हुए बूथों पर 10 प्रतिशत वोट शेयर बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा। बैठक में 2023 के विधानसभा चुनाव में हारे हुए प्रत्याशियों की भी जिम्मेदारी तय की गई।