H

MP Election: सभी बड़े नेता आराम से जीत रहे, मेरी सीट नहीं फंसी - कैलाश विजयवर्गीय

By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 14 November 2023 12:31 PM


कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि, बीजेपी ने गरीब कल्याण की योजनाएं संचालित की है। गरीब कल्याण के कारण एक बड़ा वोटबैंक बना है।

banner
एमपी के इंदौर की एक नंबर विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार कैलाश विजयवर्गीय का बड़ा बयान सामने आया है। बीजेपी महासचिव ने कहा कि, उनकी सीट नहीं फंसी हुई है। प्रदेश में भाजपा के सभी बड़े नेता आराम से जीत रहे है और प्रदेश में भाजपा की सरकार बन रही है। उन्होंने इस दौरान दावा किया है कि, कांग्रेस के कई बड़े नेता चुनाव हार रहे है।

इंदौर की जनता पीएम मोदी को करीब से देखना चाहती है

बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय ने आगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो के बारे में पत्रकारों को बताया है कि, इंदौर की जनता मोदी को वर्ष 2023 और 2024 के लिए आशीर्वाद देना चाहती है। हमने रोड शो की पूरी तैयारी कर ली है। उन्हें देखने के लिए जनसैलाब उमड़ेगा। बीजेपी महासचिव ने अपने बयान में आगे कहा कि, मोदी देश ही नहीं पूरी दुनिया में लोकप्रिय है। जनता उन्हें करीब से देखना चाहती है।

बीजेपी को 1 करोड़ महिलाएं वोट देती है

एमपी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस द्वारा ज्यादा सीटें जीतने के दावे पर बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवगीय ने कहा कि, उन लोगों को जमीनी हकीकत का अंदाज नहीं है। पिछली बार 1 करोड़ 15 लाख वोट मिले थे। इस बार तो 1 करोड़ 37 लाख लाड़ली बहनें प्रदेश में है। उन्होंने कहा कि, बीजेपी को 1 करोड़ महिलाएं वोट देती है तो 50 लाख पुरुष भी तो वोट देंगे। यदि डेढ़ करोड़ लोग भाजपा को वोट देंगे तो 170 सीट बनती है। बीजेपी उम्मीदवार ने अपने बयान में आगे कहा कि, यदि हम मान ले कि 75 लाख महिलाएं वोट देगी और 50 लाख पुरुष वोट देंगे तो भी हमारी सरकार बन रही है।

MP में भाजपा की सरकार बन रही है

कैलाश विजयवर्गीय ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि, बीजेपी ने गरीब कल्याण की योजनाएं संचालित की है। गरीब कल्याण के कारण एक बड़ा वोटबैंक बना है। गरीबों को मकान मिले है। उज्जवला योजना में सिलेंडर मिले है। ये सब योजनाएं भी जनता को पसंद आई है। बीजेपी महासचिव ने आगे कहा कि, पूरे प्रदेश में भाजपा की लहर है। भाजपा की सरकार बन रही है।