H

नफरत फैला रही BJP, हम पूरे देश में मोहब्बत की दुकान खोलेंगे - राहुल गांधी

By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 04 February 2024 11:39 AM


राहुल गांधी ने कहा कि, उनका उद्देश्य न सिर्फ नफरत का मुकाबला करना है, बल्कि विभिन्न समुदायों के लोगों को एकजुट करना और प्रेम और एकता का संदेश फैलाना भी है।

bannerAds Img
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा झारखंड के धनबाद पहुंची। धनबाद में एक सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बीजेपी सदस्यों के दिलों में नफरत के खिलाफ कांग्रेस की लड़ाई पर जोर दिया। कांग्रेस सांसद ने कहा कि, भाजपा नफरत फैला रही है और कांग्रेस और उसके सहयोगी दल बीजेपी द्वारा फैलाई जा रही नफरत और हिंसा का मुकाबला करने के लिए पूरे देश में 'मोहब्बत की दुकान' खोलेंगे।

मेरा उद्देश्य सिर्फ नफरत का मुकाबला करना है - राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि, उनका उद्देश्य न सिर्फ नफरत का मुकाबला करना है, बल्कि विभिन्न समुदायों के लोगों को एकजुट करना और प्रेम और एकता का संदेश फैलाना भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि, देशभर में गरीबों, युवाओं, महिलाओं और किसानों के साथ अन्याय हो रहा है। राहुल ने बीजेपी सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए दावा किया कि, वे आदिवासियों के हितों और कल्याण के खिलाफ हैं।

राहुल गांधी ने गौतम अडानी पर निशाना साधा

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अरबपति उद्योगपति गौतम अडानी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, बीजेपी सरकार की नीतियां सभी के लिए अन्यायपूर्ण और केवल अडानी के लिए फायदेमंद हैं। आपको बता दें कि, 67 दिनों में 6,700 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करते हुए भारत जोड़ो न्याय यात्रा 20 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी।