H

Please upgrade the app if you see a red line at the top. To upgrade the app, click on this line.

कल से शुरू होगा बारिश का दौर, इंदौर संभाग में भारी वर्षा के आसार

By: Ramakant Shukla | Created At: 04 September 2023 02:26 PM


अगस्त में बेरुखी के बाद मानसून फिर सितंबर में इंदौर पर मेहरबान होगा। इस माह बंगाल की खाड़ी में बनने वाले दो सिस्टम के कारण वर्षा की गतिविधियां 5 सितंबर से पुन: शुरू होंगी। इंदौर संभाग में 15 दिनों में दो बार भारी बारिश की स्थितियां भी निर्मित होंगी।

banner
अगस्त में बेरुखी के बाद मानसून फिर सितंबर में इंदौर पर मेहरबान होगा। इस माह बंगाल की खाड़ी में बनने वाले दो सिस्टम के कारण वर्षा की गतिविधियां 5 सितंबर से पुन: शुरू होंगी। इंदौर संभाग में 15 दिनों में दो बार भारी बारिश की स्थितियां भी निर्मित होंगी। गौरतलब है कि अगस्त में औसत वर्षा (299 मिमी) से 79 प्रतिशत कम 62 मिलीमीटर वर्षा ही हुई है, जबकि इंदौर में जुलाई में औसत से 45 प्रतिशत अधिक वर्षा होने से अगस्त में कम हुई वर्षा की भरपाई हो गई है। तीन सितंबर तक इंदौर जिले में मानसून सीजन की औसत वर्षा 732 मिमी होती है और अब तक 734 मिमी वर्षा हो चुकी है। इंदौर में सितंबर में औसत (182 मिमी) से अधिक वर्षा होने की संभावना है। वर्तमान में बंगाल की खाड़ी के उत्तरी पश्चिमी हिस्से में चक्रवाती हवा को घेरा बना हुआ है, जो पांच सितंबर से निम्न दाब क्षेत्र में तब्दील होगा, वहीं 12 सितंबर को भी बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती हवाओं का घेरा बनेगा। इससे इंदौर जिले में अच्छी वर्षा होने की उम्मीद है।

डबल चौकी क्षेत्र में लोकल सिस्टम के कारण हुई वर्षा

कुछ दिनों ने बारिश के मौसम में तेज धूप के कारण गर्मी का अहसास हो रहा है। धूप के कारण दिन के पारे में बढ़ोतरी देखने को मिली और दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 32.5 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 22.5 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में पश्चिमी व उत्तर पश्चिमी हवा अधिकतम 29 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली। इंदौर शहर के बाहरी हिस्से में डबल चौकी क्षेत्र में लोकल सिस्टम के कारण कुछ समय के लिए हल्की वर्षा भी हुई।

आगामी दिनों में इंदौर में वर्षा के आसार

5 सितंबर: हल्की वर्षा

6 सितंबर: मध्यम वर्षा की संभावना

7 व 8 सितंबर: इंदौर संभाग में भारी वर्षा

9 व 10 सितंबर: मध्यम वर्षा

12-13 सितंबर: इंदौर संभाग में भारी वर्षा