H

शाह पर दिग्विजय का पलटवार, बोले- जनाजा नहीं अर्थी निकलेगी वो भी कांग्रेस के सिपाहियों के कांधों पर

By: Sanjay Purohit | Created At: 06 May 2024 06:23 AM


अमित शाह के दिग्विजय सिंह के जनाजे वाले बयान के बाद से और अधिक चर्चा में आई राजगढ़ सीट पर जनाजा और अर्थी जैसे शब्दों का इस्तेमाल रुकने का नाम नहीं ले रहा है। उसी बयान को लेकर दिग्विजय सिंह ने अमित शाह पर फिर से पलटवार किया है।

bannerAds Img
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह रात राजगढ़ जिले की ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र के सुठालिया में थे। बीते दिनों केंद्रीय मंत्री अमित शाह द्वारा दिए गए जनाजा निकालने वाले बयान पर उन्होंने पलटवार किया है। इसमें उन्होंने जनाजा नहीं बल्कि अर्थी निकलने और वो भी कांग्रेस के कार्यकर्ताओ के कांधों पर निकलने की बात कही है।

कुछ दिनों पूर्व ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में भाजपा प्रत्याशी रोडमल नागर के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया था। इसमें कहा था कि दिग्विजय सिंह को हराकर इस तरह से घर भेजना कि आशिक का जनाजा है जरा धूम से निकले, उसी को लेकर सुठालिया में आयोजित सभा में दिग्विजय सिंह ने अमित शाह के बयान पर पलटवार किया है।

दिग्विजय सिंह ने मंच से ही अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अमित शाह ने अपने भारतीय जनता पार्टी के नेताओं से कहा, कार्यकर्ताओं से कहा कि, भाई दिग्विजय सिंह का जनाजा बड़े धूमधाम से निकालना। एक बात मैं आप से कहना चाहता हूं अमित शाह जी, पहली बात तो यह है कि आपके कोसने से दिग्विजय सिंह की मृत्यु नहीं होगी। दूसरा अगर हो भी गई तो मेरा जनाजा नहीं, अर्थी निकलेगी। वह भी मेरे कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के कंधे पर उठेगी।