H

EVM से चुनाव न हो इसके लिए पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह कर रहे ये काम...

By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 01 April 2024 05:15 AM


एमपी की राजगढ़ लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने बीते रविवार को कहा कि, वह 400 लोगों से नामांकन दाखिल कराने का प्रयास कर रहे हैं ताकि चुनाव मतपत्र से हो।

bannerAds Img
लोकसभा चुनाव 2024 का बिगुल बज चुका है। मध्य प्रदेश में चुनाव प्रचार जोर पकड़ चुका है। इस बीच प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह आज खिलचीपुर में 'वादा निभाओ पद यात्रा' करेंगे। यह पद यात्रा सुबह से शुरू होकर दोपहर तक होगी। खिलचीपुर के कुंआखेड़ा, ब्यावरा कलां, गुनाखेड़ी, रतनपुरिया में दिग्विजय सिंह पद यात्रा करेंगे। इस यात्रा का विश्राम बालाजी मंदिर, उदासीन आश्रम में होगा।

400 लोगों से नामांकन दाखिल कराने का प्रयास

एमपी की राजगढ़ लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने बीते रविवार को कहा कि, वह 400 लोगों से नामांकन दाखिल कराने का प्रयास कर रहे हैं ताकि चुनाव मतपत्र से हो। पूर्व सीएम सिंह ने यह बात सुसनेर के कचनारिया गांव में एक नुक्कड़ सभा के दौरान लोगों से यह पूछने के बाद कही कि, वे क्या चाहते हैं, चुनाव ईवीएम (इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन) से या मतपत्र से हो।

दिग्विजय सिंह बैलेट पेपर से चुनाव चाहते हैं

इस दौरान मतपत्र से चुनाव के नारे लगा रही भीड़ से राजगढ़ से कांग्रेस उम्मीदवार दिग्विजय सिंह ने कहा कि, इसके (मतपत्र से चुनाव) लिए एक ही रास्ता है। अगर 400 उम्मीदवार नामांकन पत्र भरें। मैं इसके लिए तैयारी कर रहा हूं। सामान्य वर्ग के उम्मीदवार को 25,000 रुपये की जमानत राशि जमा करनी होगी, जबकि आरक्षित श्रेणियों के लोगों को 12,500 रुपये जमा करने होंगे। कांग्रेस नेता सिंह ने आगे कहा कि, इस तरह राजगढ़ में मतपत्र के माध्यम से चुनाव होंगे, देखते हैं क्या होता है।

प्रत्येक ईवीएम में अधिकतम 384 उम्मीदवार हो सकते हैं

दिग्विजय सिंह ने अपने बयान में आगे कहा कि, प्रत्येक ईवीएम में प्रति निर्वाचन क्षेत्र नोटा सहित अधिकतम 384 उम्मीदवार हो सकते हैं। एक बैलेट यूनिट में नोटा सहित कुल 16 उम्मीदवार आ सकते हैं और 24 ऐसी इकाइयों को एक साथ नियंत्रण इकाई से जोड़ा जा सकता है। राजगढ़ लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह अपनी आठ दिवसीय 'वायदा निभाओ यात्रा' पदयात्रा के पहले दिन बोल रहे थे।