सहारा इंडिया ग्रुप के प्रमुख सुब्रत रॉय का 75 साल की उम्र में निधन, आज लखनऊ लाया जाएगा पार्थिव शरीर
By: Richa Gupta | Created At: 15 November 2023 09:01 AM
सहारा इंडिया ग्रुप के प्रमुख सुब्रत रॉय का मंगलवार देर शाम निधन हो गया। उन्होंने मुंबई में आखिरी सांस ली। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन की वजह कार्डियक अरेस्ट बताई जा रही है।

सहारा इंडिया ग्रुप के प्रमुख सुब्रत रॉय का मंगलवार देर शाम निधन हो गया। उन्होंने मुंबई में आखिरी सांस ली। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन की वजह कार्डियक अरेस्ट बताई जा रही है। मुंबई के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। इसी साल जनवरी के महीने में मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में सुब्रत रॉय की ब्रेन सर्जरी हुई थी। इसी अस्पताल में उनका निधन हुआ। सुब्रत रॉय का पार्थिव शरीर बुधवार को लखनऊ के सहारा शहर लाया जाएगा, जहां उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी।
सुब्रत रॉय का जन्म 10 जून 1948 को हुआ था
सहारा ग्रुप के प्रमुख सुब्रत रॉय का जन्म 10 जून 1948 को हुआ था। उनका निधन 75 साल की उम्र में हुआ है। वह भारत के प्रमुख बिजनेसमैन और सहारा इंडिया परिवार के फाउंडर थे। उन्हें सहाराश्री के नाम से भी जाना जाता था। उनके निधन से बिजनेस जगत में शोक की लहर है। 10 जून, 1948 को अररिया बिहार में जन्मे रॉय भारतीय बिजनेस का बड़ा चेहरा रहे। उन्होंने रियल एस्टेट, फाइनेंस, मीडिया और हॉस्पिटेलिटी समेत कई क्षेत्रों में नाम कमाया। रॉय ने गोरखपुर के सरकारी तकनीकी संस्थान से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पड़ाई पूरी की। इसके बाद 1976 में संघर्षरत चिटफंड कंपनी सहारा फाइनेंस का अधिग्रहण करने से पहले उन्होंने गोरखपुर से बिजनेस में कदम रखा। 1978 तक उन्होंने इसे सहारा इंडिया परिवार में बदल दिया, जो आगे चलकर भारत के सबसे बड़े समूहों में से एक बन गया।
अखिलेश यादव ने दी श्रद्धांजलि
सुब्रत रॉय के निधन पर समाजवादी पार्टी ने एक्स पर पोस्ट कर श्रद्धांजलि दी है। वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सुब्रत रॉय के निधन पर दुख जताया। उन्होंने लिखा, सहारा श्री सुब्रत रॉय जी का निधन उत्तर प्रदेश और देश के लिए भावात्मक क्षति हैं क्योंकि वो एक अति सफल व्यवसायी के साथ-साथ एक ऐसे अति संवेदनशील विशाल हृदयवाले व्यक्ति भी थे जिन्होंने अनगिनत लोगों की सहायता की और उनका सहारा बने। हम उनको भावभीनी श्रद्धांजलि देते हैं।
शिवपाल यादव ने श्रद्धांजलि दी
समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल यादव ने श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, सहाराश्री सुब्रत रॉय जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। ईश्वर दिवंगत की आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। भावपूर्ण श्रद्धांजलि!