H

Rajasthan Politics: कांग्रेस को एक और झटका, पूर्व सांसद शंकर पन्नू और पूर्व विधायक समेत कई बागी नेता बीजेपी में हुए शामिल

By: payal trivedi | Created At: 03 April 2024 09:39 AM


लोकसभा चुनाव से पहले राजस्थान कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं ने बुधवार को भाजपा जॉइन कर ली। प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुए कार्यक्रम में कई नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है।

bannerAds Img
Jaipur: लोकसभा चुनाव से पहले राजस्थान कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं (Rajasthan Politics) ने बुधवार को भाजपा जॉइन कर ली। प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुए कार्यक्रम में कई नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। इनमें पूर्व सांसद, विधायक और भारतीय जनता पार्टी से बागी होकर चुनाव लड़ने वाले नेता भी शामिल हैं। बीजेपी मुख्यालय में राजस्थान सहप्रभारी विजया रहाटकर के नेतृत्व में हनुमानगढ़ से कांग्रेस के पूर्व सांसद शंकर पन्नू, पिलानी से पूर्व विधायक जेपी चंदेलिया, जेजेपी के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक नंदकिशोर महरिया भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए।

शेखावटी के कई नेताओं की हुई घर वापसी

वहीं शेखावाटी के कई नेताओं की भी आज घर वापसी हुई। इसमें पिछले चुनाव में भाजपा से बागी होकर झुंझुनूं से चुनाव लड़े राजेंद्र भांभू, पिलानी से निर्दलीय चुनाव लड़े कैलाश मेघवाल और मधुसूदन भिंडा सहित बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं की घर वापसी हुई। इसके साथ पूर्व विधायक शिमला बावरी ने भी आज घर वापसी की।

पूर्व सांसद शंकर पन्नू ने कांग्रेस पर साधा निशाना

कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए पूर्व सांसद शंकर पन्नू ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वह कांग्रेस में पार्टी नाम की कोई चीज नहीं है। वहां एक गिरोह है, जो अपने हिसाब से काम करता है। उनको कार्यकर्ताओं की जरूरत नहीं है। दिल्ली पूरी तरीके से बेकार हो चुकी है, बर्बाद हो चुकी है। आने वाला समय ऐसा होगा कि हम पूछेंगे कोई कांग्रेसी है क्या। पूर्व विधायक जेपी चंदेलिया ने कहा कि कांग्रेस में कार्यकर्ताओं को अपमानित किया जा रहा था। आने वाले दिनों में बड़ी तादाद में पिलानी में कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा के सदस्यता ग्रहण करेंगे।

'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व गुरु बनने जा रहा है'

राजस्थान भाजपा की सहप्रभारी विजया रहाटकर (Rajasthan Politics) ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व गुरु बनने जा रहा है। पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। यही कारण है कि आज कांग्रेस समेत सभी राजनीतिक दल के नेता भारतीय जनता पार्टी में आने को बेताब हैं। यह सब लोग किसी पार्टी के लिए नहीं बल्कि राष्ट्र के लिए काम करना चाहते हैं। क्योंकि मोदी जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ही देश का सर्वांगीण विकास कर रही है।

8 हजार से ज्यादा ने की जॉइनिंग

पार्टी मुख्यालय पर इन नेताओं की जॉइनिंग के बाद में जॉइनिंग कमेटी के संयोजक अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि कांग्रेस दिशाहीन हो चुकी है। कांग्रेस की नाव अब डूबने को है, इसलिए डूबती नाव में कोई नहीं बैठना चाहता। बड़ी संख्या में पूर्व में कांग्रेस के कई नेताओं ने भाजपा और प्रधानमंत्री की नीति और रीति पर विश्वास जताकर पार्टी की सदस्यता ली है। अब तक 8 हजार से ज्यादा कांग्रेस और अन्य दलों के कार्यकर्ताओं के साथ ही सामाजिक और प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने विश्वास जताते हुए पार्टी जॉइन की है। कांग्रेस को खत्म करने के सवाल पर अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की इस तरह की सोच नहीं हो सकती, लेकिन जिस तरह से कांग्रेस नेतृत्व विहीन हो चुकी है। ऐसे में कांग्रेस को शायद ही खत्म करने की जरूरत पड़े वह अपने आप ही खत्म हो जाएगी।