केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल बोले - जिनकी जाति का पता नहीं, वे जाति जनगणना की मशाल लिए घूम रहे
प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि, कांग्रेस पिछड़ी जातियों का नाम लेकर केवल सत्ता पाना चाहती है। कांग्रेस जनता की सेवा और विकास कार्य नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार करने के लिए सत्ता में आना चाहती है।
केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, कांग्रेस में पुत्र मोह चरम पर है। कांग्रेस समाज को ठगने के लिए षड्यंत्र करने में माहिर है। कांग्रेस जातीय जनगणना कराने की घोषणा कर समाज को बांटने की कोशिश कर रही है। जातियों का विभाजन समाज के लिए विष के समान है। उन्होंने कहा कि, राहुल गांधी, जिनकी अपनी जाति और धर्म का ठीक-ठीक पता नहीं, वे जातीय जनगणना की मशाल लिए घूम रहे हैं।
राहुल गांधी जाति जनगणना की मशाल लिए घूम रहे हैं
प्रहलाद सिंह पटेल ने अपने बयान में कहा कि, जनता का हक छीनने की साजिश करने वालों को सजा देनी होगी। समाज को जातियों में बांटने वालों की पहचान अब जरूरी हो गयी है, क्योंकि ये जहर विकास के लिए बहुत घातक है। कांग्रेस नेता पर तंज कसते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, राहुल गांधी जाति जनगणना की मशाल लिए घूम रहे हैं। जब पचास साल कांग्रेस ने राज किया तब ये बात क्यों याद नहीं आई। उन्होंने कहा कि, पहली दीपावली 14 नवंबर को होगी, दूसरी दीपावली होगी मतदान दिवस पर 17 नवंबर को और तीसरी 3 दिसंबर को होगी, जब मध्यप्रदेश में एक बार फिर से बीजेपी की सरकार बनेगी।
कांग्रेस में पूरी सत्ता परिवारों के बीच बंटी है
केंद्रीय मंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, कांग्रेस में पूरी सत्ता परिवारों के बीच बंटी हुई है। सोनिया गांधी से लेकर कमलनाथ और दिग्विजय सिंह केवल अपने बेटों के लिए कांग्रेस का उपयोग कर रहे हैं। कांग्रेस में सामंतवादी सोच कभी समाप्त नहीं हो सकती, क्योंकि कांग्रेसियों को अपने अलावा कुछ भी दिखाई नहीं देता। उन्होंने कहा कि, बेटों के मोह के कारण ही कांग्रेस की पूरे देश में ये दुर्दशा हो गयी है।
कांग्रेस भ्रष्टाचार करने के लिए चाहती है सत्ता
पटेल ने कहा कि, कांग्रेस पिछड़ी जातियों का नाम लेकर केवल सत्ता पाना चाहती है। कांग्रेस जनता की सेवा और विकास कार्य नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार करने के लिए सत्ता में आना चाहती है। केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि, बीजेपी के पास 3 विकास संकल्प हैं। पहला गरीब कल्याण, दूसरा मातृशक्ति को मुख्यधारा से जोड़ना और तीसरा संकल्प है। प्रहलाद सिंह पटेल ने आगे कहा कि, देश की अगली पीढ़ी को ऐसा वातावरण देना जिसमें वो अपना संपूर्ण विकास कर सके।