H

नीतीश कुमार पर भड़की TMC, सौगत रॉय बोले - लोग ऐसी ‘अवसरवादिता’ का माकूल जवाब देंगे

By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 29 January 2024 06:42 AM


TMC सांसद सौगत रॉय ने बिहार के सीएम पर निशाना साधते हुए कहा कि, नीतीश कुमार नियमित अंतराल पर पाला बदलने के लिए जाने जाते हैं।

bannerAds Img
तृणमूल कांग्रेस ने बार-बार पाला बदलने के लिए JDU के अध्यक्ष नीतीश कुमार की आलोचना की है। TMC ने कहा कि, लोग ऐसी ‘अवसरवादिता’ का माकूल जवाब देंगे। दरअसल आपको बता दें कि, नीतीश कुमार ने रविवार को कहा कि, उन्हें इंडिया गठबंधन और ‘महागठबंधन’ में चीजें ठीक नहीं लग रही थीं, इसलिए उन्होंने भाजपा के साथ नया गठबंधन और नई सरकार बनाने का निर्णय लिया।

लोग ऐसी ‘अवसरवादिता’ का माकूल जवाब देंगे

TMC सांसद सौगत रॉय ने बिहार के सीएम पर निशाना साधते हुए कहा कि, नीतीश कुमार नियमित अंतराल पर पाला बदलने के लिए जाने जाते हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि, उन्होंने विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन को छोड़ने का फैसला किया है और उनके राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में शामिल होने की संभावना है। सौगत रॉय ने कहा कि, जनता ऐसी राजनीतिक अवसरवादिता का करारा जवाब देगी।

यह गठबंधन के लिए कोई झटका नहीं है

वहीं JDU के इंडिया गठबंधन से बाहर होने के प्रभाव के बारे में पूछे जाने पर TMC सांसद सौगत रॉय ने कहा कि, यह गठबंधन के लिए कोई झटका नहीं है। इनके अलावा एक अन्य तृणमूल नेता ने नीतीश कुमार की राजनीतिक विश्वसनीयता पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि, पाला बदलने के उनके इतिहास के कारण ही तृणमूल हमेशा उनकी विश्वसनीयता को लेकर आशंकित रहती थी, लेकिन कांग्रेस ने कुमार को बहुत विश्वसनीय साझेदार माना।