H

बीजेपी के नेता जमीन से आते हैं, कांग्रेस के पैराशूट से - केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल

By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 03 November 2023 09:36 AM


प्रहलाद पटेल ने आगे कांग्रेसियों से पूछा कि, उनकी पार्टी ने भगवान श्रीराम को काल्पनिक कहा था या नहीं। कांग्रेस बताए कि, उसने रामसेतु को मानव निर्मित मानने से इंकार किया था या नहीं।

banner
केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि, बीजेपी में नेता जमीन से आते हैं, लेकिन कांग्रेस में हमेशा नेता पैराशूट से उतारकर जनता पर थोपे गये। कांग्रेस की राजनीति चंद परिवारों के इर्द-गिर्द घूमती है, लेकिन भाजपा प्रत्येक भारतीय के कल्याण के लिए कार्य करती है। उन्होंने कहा कि, जब कांग्रेस की सरकार थी तो पूरे देश में कहीं न कहीं बम धमाके होते थे और जनता डरी रहती है, लेकिन जब से मोदी पीएम की कुर्सी पर बैठे हैं। तब से बम धमाके की गूंज खत्म हो गयी है।

बसई विकास की उड़ान भर रहा है

बीजेपी नेता प्रहलाद पटेल ने दतिया विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समर्थन में बसई में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी डॉ नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि, बसई कि 15 सालों में सूरत व सीरत बदल गयी है। आज बसई भी पूरी दतिया के साथ विकास की उड़ान भर रहा है। वहीं केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल ने अपने संबोधन में आगे कहा कि, यदि देश में विकास की तस्वीर देखना चाहते हैं तो नि:संदेह भारतीय जनता पार्टी और कमल को वोट देना होगा।

आदिवासियों को कांग्रेस ने हमेशा बीजेपी के नाम से डराया

बीजेपी नेता प्रहलाद पटेल ने कहा कि, कांग्रेस ने सालों साल आदिवासियों को डराया कि, यदि बीजेपी सत्ता में आई तो आदिवासियों को मिलने वाले अधिकार और सुविधाएं छिन जाएंगी। लेकिन, जब भारतीय जनता पार्टी आई तो उसने आदिवासियों के जीवन का कायाकल्प कर दिया। उन्होंने कहा कि, वीरांगना रानी दुर्गावती की 500 वीं जयंती का वर्ष है। भाजपा का ही काम है कि आज उनकी समाधि में मेले लगते हैं। एक वक्त था, जब रानी की गौरवगाथा ज्यादा लोगों को पता भी नहीं थी।

कांग्रेस ने रामसेतु को मानने से इंकार किया था

प्रहलाद पटेल ने आगे कांग्रेसियों से पूछा कि, उनकी पार्टी ने भगवान श्रीराम को काल्पनिक कहा था या नहीं। कांग्रेस बताए कि, उसने रामसेतु को मानव निर्मित मानने से इंकार किया था या नहीं। बीजेपी नेता ने आगे कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि, कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दिया था कि, राम और रामसेतु के अस्तित्व को स्वीकार नहीं करती। उन्होंने आगे कहा कि, 22 जनवरी को अयोध्या में बने भव्य और दिव्य राममंदिर में रामलला विराजेंगे और दुनिया देखेगी कि, भारत की असली शक्ति उसकी संस्कृति और सकारात्मक सोच है।