H

EWS आरक्षण सहित कई मुद्दों पर 3 सितंबर को Jaipur में होने जा रहा ब्राह्मण महासंगम, बॉलीवुड कलाकारों सहित कई बड़े राजनेता होंगे शामिल

By: payal trivedi | Created At: 02 September 2023 07:40 AM


जयपुर के राम निवास बाग में रविवार यानि 3 सितंबर भव्य विराट ब्राह्मण महासंगम होने जा रहा हैं। इसे लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

bannerAds Img
Jaipur: जयपुर के राम निवास बाग में रविवार यानि 3 सितंबर भव्य विराट ब्राह्मण महासंगम होने जा रहा हैं। इसे लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। बता दें कि यह महासंगम सर्व ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. सुरेश मिश्रा ने आयोजित किया हैं। इस महासंगम में देश सभी राज्यों के ब्राह्मण अपने सामाजिक, राजनैतिक और आर्थिक हितों के लिए आगामी विधानसभा चुनाव में प्रमुख दलों से कम से कम 35 टिकट सहित कई प्रमुख मांगों को लेकर एक मंच पर आएंगे। आगे हम आपको बताएंगे की इस महासंगम में क्या प्रमुख मांगे सरकार के सामने रखी जाएंगी, और कौन-कौन से बड़े राजनेता और बॉलीवुड कलाकार इसमें शामिल होंगे। लेकिन इसके पहले जान लेते हैं कि इतना भव्य महासंगम आयोजित करने वाले पंडित सुरेश मिश्रा कौन है?

कौन है पंडित सुरेश मिश्रा?

आपको बता दें कि इतना भव्य आयोजन करने वाले पंडित सुरेश मिश्रा एक सामाजिक कार्यकर्ता एवं कांग्रेस नेता है। वे सर्व ब्राह्मण समाज के संस्थापक और अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष भी है साथ ही वे संस्कृति संस्था के अध्यक्ष भी हैं। दरअसल ये संस्था सभी ब्राह्मणों के हित के लिए कार्य करती हैं। और उनकी मांगों को सरकार के सामने रखती हैं।

बॉलीवुड कलाकार समेत कई बड़े राजनेता होंगे शामिल

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10:00 बजे स्वस्तिवाचन से होगी। महासंगम में प्रबुद्धजन, युवा, बुजुर्गां के साथ 50 हजार महिलाओं के शामिल होने का दावा किया जा रहा है। बता दें कि समारोह में बॉलीवुड कलाकार, राजनेता और संत-महंत एक साथ मंच पर रहेंगे। आपको बता दें कि पहली बार पूरे प्रदेश भर से 50 हजार महिला कार्यक्रम में शामिल होने आ रही हैं। जिसमें विशेष रूप से 5100 महिला चौथ व्रत के बाद एक ही रंग में रंगी नजर आएंगी। साथ ही कुल 11000 महिलाएं कलश यात्रा लेकर आएंगी। इस महासंगम का उद्देश्य समाज में संचेतना पैदा करना और अपने हकों के लिए संगठन शक्ति दिखाना है।

एक करोड़ लोग एक साथ करेंगे गायत्री मंत्र का जाप

आपको बता दें कि इस कार्यक्रम को देश के एक करोड़ से अधिक ब्राह्मण ऑन लाईन देखेगें। उसके लिए डिजिटल माध्यम का उपयोग करके देश के दूर दराज गांव में बैठे हुये ब्राह्मणों को भी एलईडी के माध्यम से जोडा जायेगा और मोबाइल फोन में भी इसका लिंक भेजा जायेगा। इसके साथ हीं एक करोड़ लोग एक साथ गायत्री मंत्र का जाप भी करेंगें, यह भी एक वर्ल्ड रिकॉर्ड बनेगा।

विदेशों से आए समाज के लोग

पं. सुरेश मिश्रा ने बताया कि- ब्राह्मण महासंगम के लिए पिछले 2 महीने से पूरे प्रदेश में हजारों कार्यकर्ता सम्पर्क कर रहे है। राजस्थान की सभी विधानसभाओं की सभी पोलिंग बूथों से ब्राह्मण समाज के लोग जयपुर आ रहे है। साथ ही देश के सभी राज्यों से वहां के प्रतिनिधि जयपुर आना प्रारम्भ हो गये है। जिसमें उड़ीसा, उत्तरप्रदेश, उत्तराखण्ड, बिहार, तमिलनाडु के प्रतिनिधि आ चुके है। साथ ही लंदन के राजस्थान एसोसिएशन यूके के आलोक शर्मा, सीनेटर अमेरिका के इन्द्रजीत शर्मा, राजस्थान एसोसिएशन यूएई के चेयरमैन नवीन शर्मा, इटली से नरिष्यंत शर्मा, इण्डो कनाडा एसोसिएशन के चेयरमैन एवं सांसद आजाद कौशिक इस समारोह में हिस्सा लेने आ रहे है। साथ ही प्रदेश के प्रमुख संत महंत भी इस महासंगम में हिस्सा बनेंगे।

केंद्रीय मंत्री सहित कई प्रमुख लोग होंगे शामिल

समारोह में अतिथि के रूप में केन्द्रीय सड़क और परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, उत्तराखंड पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार के सांसद रमेश पोखरियाल निशंक, राजस्थान सरकार में जलदाय मंत्री डॉ. महेश जोशी, शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सीपी जोशी, जयपुर के सांसद रामचरण बोहरा, विधायक रामलाल शर्मा, पूर्व मंत्री डॉ. रघु शर्मा, पूर्व केन्द्रीय मंत्री और सांसद मनीष तिवारी, देश के प्रमुख फिल्म निर्माता निदेशक पदमश्री मधुर भंडारकर, फिल्म गदर के निर्माता निदेशक अनिल शर्मा, विधायक राकेश पारीक, विधायक सूर्यकान्ता व्यास, राजस्थान विप्र कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष महेश शर्मा, पूर्व महिला आयोग की अध्यक्ष सुमन शर्मा, राष्ट्रीय महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष ममता शर्मा, निशक्तजन आयोग के अध्यक्ष उमाशंकर शर्मा, पूर्व चैयरमेन कर्मचारी चयन आयोग हरिप्रसाद शर्मा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक संगठन उपस्थित रहेगें।

महासंगम की प्रमुख मांगे-

पंडित सुरेश मिश्रा ने बताया कि हम सर्व ब्राह्मण समाज के हितों की रक्षा और उन्हें अपने हक दिलाने के लिए कार्य करते हैं। औ इसीलिए इतने बड़ें और भव्य महासंगम का आयोजन करने जा रहें है जिसमें हम हमारी प्रमुख मांगे सरकार तक पहुंचाएंगे जिनमें कुछ प्रमुख मांगे हैं जैसे- - ब्राह्मणों को प्रमुख दल में कम से कम 35 टिकट विधानसभा में और लोकसभा में कम से कम 5 टिकट दिए जाये। - आर्थिक आधार पर पंचायत चुनाव में राजनीतिक आरक्षण हो, - आर्थिक आधार पर 14 प्रतिशत आरक्षण हो - ब्राह्मण सहित किसी भी जाति के लिए अपमानजनक शब्दों पर पाबंदी हो, - ईडब्ल्यूएस आरक्षण में आय सीमा 8 लाख की जगह 12 लाख की जाए, -EWS आरक्षण में हो रही विसंगतियों को दूर किया जाए - साथ ही केन्द्र मे भी आय को पैमाना माना जाए। -भगवान परशुराम विश्वविद्दाालय और उनकी 111 फीट प्रतिमा की स्थापना की जाए - प्रत्येक जिले में गुरूकुल की स्थापना कर वैदिक संस्कृति को चलाया जाए। -ब्राह्मण आरक्षण आंदोलन के समय लगाए गए मुकदमे वापिस लिए जाये -पुजारी प्रोटेक्शन बिल पारित हो -हर जिले में ब्राह्मण बालिकाओं के लिए छात्रावास की स्थापना

ये रहेगी पार्किंग व्यवस्था:-

इस महासंगम में बड़ी संख्या में लोग अपने निजी वाहनों से आयेगें। वे अपने वाहन रामनिवास बाग पार्किंग में लगायेगें और सबसे अल्बर्ट हॉल के पीछे जेएलएन मार्ग पर पार्क होगीं। छोटी गाड़ी की पार्किंग के लिए रामनिवास बाग के अलावा रामलीला मैदान, जौहरी बाजार, चौड़ा रास्ता, किशनपोल बाजार में भी पार्किग कर सकते है। विप्र संगठन के मीडिया प्रभारी मनीष मुद्गल ने बताया- विप्र कल्याण बोर्ड के चैयरमेन महेश शर्मा ने क्षेत्रीय अधिकारी एनएचएआई को पत्र लिखा है कि प्रदेश भर से आने वाले ब्राह्मणों के लिए, जिन वाहनों पर ब्राह्मण महासंगम का पोस्टर, स्टीकर, बैनर, स्लोगन लगे है, उन्हें टोल मुक्त किया जाये। कार्यक्रम की जानकारी देने के लिए शुक्रवार को मीडिया से जानकरी साझाा की गई। जिसमें विप्र महासभा चिकित्सा प्रकोष्ठ अध्यक्ष डॉ सोमेंद्र सारस्वत और विप्र महासभा प्रदेश महामंत्री मीडिया प्रभारी मनीष मुदगल विप्र महासभा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील उदेईया उपस्थित रहें।