H

दिग्विजय सिंह ने साधा सिंधिया पर निशाना, बोले - राजा महाराजा भी बिकते हैं...

By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 09 November 2023 10:13 AM


दिग्विजय सिंह ने कहा कि, राजा-महाराजा भी बिक गए, लेकिन कांग्रेस के कुछ वफादार विधायकों ने अपना जमीर नही बेचा।

banner
एमपी विधानसभा चुनाव के लिए 17 नवंबर को मतदान होना है। इससे पहले भारतीय जनता पार्टी एवं कांग्रेस ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। दोनों ही दलों के शीर्ष नेता राज्य के दौरे पर लगातार आ रहे हैं। इसके साथ ही चुनाव प्रचार की सभाओं में एक दूसरे पर नेताओं के जुबानी हमले भी तेज हो गए हैं। इसी कड़ी में दिग्विजय सिंह ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए 2018 में कांग्रेस की कमलनाथ सरकार गिराने वाले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधा। राज्यसभा सांसद ने कहा कि, 'राजा महाराजा भी बिकते हैं।

दिग्विजय सिंह ने बाबा रामदेव को ठग करार दिया

एमपी विधानसभा चुनाव में प्रचार के चलते दोनों ही दल के तमाम बड़े नेता एक दूसरे पर जमकर आरोप-प्रत्यारोप लगाने के साथ साथ जुबानी हमले कर रहे हैं। इसी क्रम में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह भारतीय जनता पार्टी पर जमकर बरसे। इस के चलते कांग्रेस नेता ने सीएम शिवराज सिंह एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर जमकर हमला किया। साथ ही उन्होंने बाबा रामदेव पर भी निशाना साधा। दिग्विजय सिंह ने बाबा रामदेव को ठग बता दिया।

भाजपा में प्रत्येक चीज की कीमत है

कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह ने साल 2018 में मप्र में कांग्रेस सरकार को गिराने के लिए कांग्रेस विधायकों की खरीद फरोख्त किए जाने पर कहा कि, राजा-महाराजा भी बिक गए, लेकिन कांग्रेस के कुछ वफादार विधायकों ने अपना जमीर नही बेचा। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद ने आगे जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी तथा सीएम शिवराज सिंह चौहान को सपनों का सौदागर बताते हुए कहा है कि, भाजपा में प्रत्येक चीज की कीमत है।