H

मतदान के बाद गायब हुए मत पत्र, कांग्रेस ने राज्य निर्वाचन आयोग से की शिकायत

By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 20 November 2023 09:27 AM


लहार से कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. गोविंद सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि, लहार के सरकारी कर्मचारियों के डाक मतपत्र गायब हो गए हैं।

banner
एमपी विधानसभा चुनाव खत्म हो गया है। 3 दिसंबर को चुनाव का परिणाम आयेगा। वहीं चुनाव के बाद राजनीतिक पार्टियां फर्जी वोटिंग और मतदान में गड़बड़ी का आरोप लगा रही थी वहीं अब कांग्रेस प्रत्याशी ने प्रशासन पर डाक मतपत्र गायब करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. गोविंद सिंह ने कहा है कि, सरकारी कर्मचारियों और दिव्यांगों के मत पत्र कहां रख दिए गए हैं इसकी जानकारी न ही कलेक्टर को है और न एसडीएम को। इस मामले की शिकायत उन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग से की है।

मतदान के बाद गायब हुए मत पत्र

लहार से कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. गोविंद सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि, लहार के सरकारी कर्मचारियों के डाक मतपत्र गायब हो गए हैं। नेता प्रतिपक्ष ने आगे कहा कि, डाक मतपत्र कहां रखे गए अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं है। इसे लेकर कलेक्टर और एसडीएम से भी जानकारी मांगी लेकिन उन्हें भी नहीं पता कि डाक मत पत्र कहां है। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि, लगभग 600 सरकारी कर्मचारियों को भी वोट डालने से वंचित किया गया है।

भिंड जिले के निर्वाचन अधिकारी गड़बड़ी कर सकते हैं

मिली जानकारी के अनुसार, नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने राज्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन से फोन पर इस मामले की शिकायत की है। इसका एक वीडियो भी उन्होंने जारी किया है जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी ने बताया कि, राज्य के भिंड जिले के लहार निर्वाचन क्षेत्र के शासकीय कर्मचारियों के लगभग 1200 मत पड़े थे। इसके अलावा विकलांग और वृद्धों के 235 वोट थे। उन मत पत्रों को गायब कर दिया गया है। कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि, इस तरह चुनाव में भिंड जिले के निर्वाचन अधिकारी गड़बड़ी कर सकते हैं। इसकी जांच की जाए।