H

बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम मोदी, सीएम योगी समेत कई नेताओं ने जताया शोक

By: Richa Gupta | Created At: 14 May 2024 04:14 AM


बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत देश के कई नेताओं ने शोक जताया।

bannerAds Img
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत देश के कई नेताओं ने शोक जताया। 72 वर्षीय सुशील मोदी गले के कैंसर से पीड़ित थे बीजेपी ने बिहार में आज होने वाले अपने सारे कार्यक्रम रद्द कर दिए। उनके निधन की खबर से बिहार ही नहीं देश की राजनीति में शोक की लहर है।

पीएम ने जताया शोक

पीएम ने X पर पोस्ट कर लिखा, पार्टी में अपने मूल्यवान सहयोगी और दशकों से मेरे मित्र रहे सुशील मोदी जी के असामयिक निधन से अत्यंत दुख हुआ है। बिहार में भाजपा के उत्थान और उसकी सफलताओं के पीछे उनका अमूल्य योगदान रहा है। आपातकाल का पुरजोर विरोध करते हुए, उन्होंने छात्र राजनीति से अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। वे बेहद मेहनती और मिलनसार विधायक के रूप में जाने जाते थे। राजनीति से जुड़े विषयों को लेकर उनकी समझ बहुत गहरी थी। उन्होंने एक प्रशासक के तौर पर भी काफी सराहनीय कार्य किए। जीएसटी पारित होने में उनकी सक्रिय भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। ओम शांति!

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया दुख

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, श्री सुशील कुमार मोदी जी का आकस्मिक निधन एक अपूरणीय क्षति है। सौम्य स्वभाव, कुशल प्रशासक के रूप में योगदान तथा सार्वजनिक जीवन में शुचिता उनके व्यक्तित्व और कृतित्व में परिलक्षित होते थे। बिहार के उप-मुख्यमंत्री, संसद सदस्य और राज्य की विधायिका के दोनों सदनों के सदस्य के रूप में श्री सुशील कुमार मोदी ने उच्च आदर्शों को निभाया। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दें।

CM योगी आदित्यनाथ ने शोक जताया

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन पर शोक जताते हुए कहा कि बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री, भारतीय जनता पार्टी परिवार के वरिष्ठ सदस्य सुशील कुमार मोदी जी का निधन अत्यंत दुःखद है। मेरी ओर से उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! उन्होंने देश और समाज की जीवनपर्यंत सेवा की। उनका संघर्ष कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा प्रेरणा का कार्य करेगा।

पिछले चार दिनों से वह एम्स में भर्ती थे

पूर्व उपमुख्यमंत्री व भाजपा के वरीय नेता सुशील मोदी का सोमवार की रात दिल्ली में निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर आज दिल्ली से दोपहर 12 बजे पटना पहुंचेगा। पटना एयरपोर्ट से सीधे राजेंद्र नगर स्थित निजी आवास पर लाया जाएगा। अंतिम दर्शन के बाद शव यात्रा निकाली जाएगी। भाजपा कार्यालय, विधान पार्षद होते हुए शव गुलबी घाट पहुंचेगी। यहां पर अंतिम संस्कार होगा। इसमें सीएम नीतीश कुमार, दोनों डिप्टी सीएम समेत कई दिग्गज नेता शामिल होंगे। आपको बता दें पिछले महीने उन्होंने कैंसर होने की जानकारी देते हुए सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा की थी। दिल्ली स्थित एम्स में उनका इलाज चल रहा था। पिछले चार दिनों से वह एम्स में भर्ती थे।