जम्मू में टोल प्लाजा को लेकर प्रदर्शन जारी, आज जम्मू बंद का ऐलान
By: Richa Gupta | Created At: 26 August 2023 08:47 AM
जम्मू में टोल प्लाजा को लेकर छिड़ा आंदोलन अब बढ़ता ही जा रहा है। आज शनिवार (26 अगस्त) को भी जम्मू बंद का ऐलान किया गया है। इसे लेकर जम्मू बार एसोसिएशन, कांग्रेस और सभी विपक्षी दलों का समर्थन मिला है।

जम्मू में टोल प्लाजा को लेकर छिड़ा आंदोलन अब बढ़ता ही जा रहा है। आज शनिवार (26 अगस्त) को भी जम्मू बंद का ऐलान किया गया है। इसे लेकर जम्मू बार एसोसिएशन, चैंबर ऑफ कॉमर्स समेत कांग्रेस और सभी विपक्षी दलों का समर्थन मिला है। इसके पहले शुक्रवार को भी जगह-जगह पर प्रदर्शन किया गया था।
शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई
हाल की बारिशों के चलते जम्मू पठानकोट नेशनल हाईवे पर तरनाह नाले पर बना एक पुल क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे जम्मू से पठानकोट और दिल्ली जाने वाले यातायात को डायवर्ट करना पड़ा था। डायवर्ट के बाद भी जम्मू पठानकोट नेशनल हाईवे पर टोल प्लाजा चल रहे हैं। जिसे बंद करने की मांग पिछले बहुत समय से हो रही है। इसी मांग को लेकर आज जम्मू बंद का ऐलान किया गया है।आज जम्मू बंद के ऐलान को देखते हुए शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। महत्वपूर्ण स्थलों के साथ ही चौराहों पर पुलिस के साथ ही अर्द्धसैनिक बल भी तैनात रहेंगे।
31 अगस्त से हड़ताल का ऐलान
बंद की इस मांग पर विभिन्न संगठनों और राजनीतिक दलों ने भी समर्थन दिया है, जिसमें कांग्रेस, पीडीपी, आम आदमी पार्टी भी शामिल है। ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन इस बंद में शामिल नहीं हो रही है। हालांकि, उसने टोल प्लाजा को बंद करने की मांग का समर्थन किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन ने शुक्रवार को कहा कि वे इस बंद के साथ हैं, लेकिन मौजूदा समय में अमरनाथ यात्रा के दौरान बाहर से आए यात्रियों और जम्मू के लोगों को इससे परेशानी होगी। एसोसिएशन ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को 31 अगस्त तक का समय दिया है। ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन ने 30 अगस्त को अमरनाथ यात्रा समाप्त होने के बाद 31 अगस्त से हड़ताल का ऐलान किया है।