H

Rajasthan Weather Update: राजस्थान के 4 जिलों में आज बारिश का अलर्ट, जानें कब बदलेगा मौसम?

By: payal trivedi | Created At: 12 February 2024 07:28 AM


राजस्थान में आज हल्के प्रभाव का वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हुआ है। इसके असर से जैसलमेर, बीकानेर, श्रीगंगानगर और चूरू के आसपास बादल छाए हुए हैं। इन जिलों में आज बारिश होने की संभावना है।

bannerAds Img
Jaipur: राजस्थान में आज हल्के प्रभाव का वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव (Rajasthan Weather Update) हुआ है। इसके असर से जैसलमेर, बीकानेर, श्रीगंगानगर और चूरू के आसपास बादल छाए हुए हैं। इन जिलों में आज बारिश होने की संभावना है। श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में आज सुबह घना कोहरा रहा। सूरज चढ़ने के साथ आसमान साफ होने लगा। माउंट आबू में आज तापमान जमाव बिंदु पर दर्ज हुआ। ओस की बूंदें बर्फ में बदल गईं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि राज्य में अगले कुछ दिनों तक कोई वेदर एक्टिविटी नहीं होगी। आसमान साफ रहेगा और सुबह-शाम सर्दी बरकरार रहेगी।

अगले तीन दिन साफ रहेगा मौसम

जयपुर मौसम केंद्र से जारी फोरकास्ट के मुताबिक, राज्य में अगले तीन-चार दिन मौसम साफ रहेगा। जयपुर, अजमेर, जोधपुर, उदयपुर और कोटा में आसमान साफ रहेगा और तेज धूप निकलेगी। इन शहरों में अब धीरे-धीरे दिन का तापमान बढ़ने लगेगा और सर्दी कम होने लगेगी। सुबह-शाम मिनिमम टेम्प्रेचर 14 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहेगा और सर्दी रहेगी। 16-17 फरवरी से प्रदेश के मौसम में बदलाव होने की संभावना है।

जयपुर में चली सर्द हवा

राजधानी जयपुर (Rajasthan Weather Update) में आज आसमान साफ रहा। न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यहां सुबह हल्की सर्द हवा चली। उदयपुर, कोटा, श्रीगंगानगर और चूरू में आज न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। बीकानेर और जैसलमेर में आज बादलों के कारण तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई। जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री बढ़कर 12.6, जबकि बीकानेर में 12.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। श्रीगंगानगर में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

माउंट आबू में पेड़-पौधों पर बर्फ

हिल स्टेशन माउंट आबू में आज पांचवें दिन भी तापमान जमाव बिंदु पर दर्ज हुआ। यहां सुबह पेड़-पौधों के पत्तों और फूलों पर ओस की बूंदें जम गईं। इन पर बर्फ की हल्की लेयर नजर आई। इसी के साथ गलन भरी सर्दी भी रही। आबू में सुबह-शाम हल्की सर्द हवा चलने से सर्दी बढ़ गई है।