मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव को कुछ ही दिन रह गए हैं। ऐसे में सभी पार्टियां चुनाव में जीत को लेकर जी तोड़ मेहनत कर रही है। एक तरफ जहां प्रत्याशियों की सूची जारी होती ही टिकट को लेकर घमासान देखने को मिल रहा है तो वहीं, दूसरी तरफ एक दूसरे पर पार्टियों द्वारा आरोप लगाए जा रहे हैं। इसी बीच प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा है कि दिग्विजय सिंह की चक्की ने इस बार कमलनाथ को पीस दिया है।
कांग्रेस में इस समय चक्कियां चल रही
पन्ना में मीडिया से बात करते हुए सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस नेता कमलनाथ पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि मध्य प्रदेश कांग्रेस में इस समय चक्कियां चल रही हैं। कमलनाथ कहते हैं कि मेरी चक्की बहुत बारीक पीसती है, लेकिन इस बार दिग्विजय की चक्की ने कमलनाथ को ही पीस दिया। कमलनाथ, दिग्विजय और जयवर्धन के कुर्ते फाड़ने की बात करते थे, लेकिन सभी कमलनाथ समर्थकों के टिकट कटवाकर अब दिग्विजय सिंह ने कमलनाथ का कुर्ता फाड़ दिया है।
हमारी चक्की धीरे चलती है, लेकिन बारीक पीसती है
मध्य प्रदेश की राजनीति में चक्की पर सियासत तब शुरू हुई, जब पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने एक जनसभा में बोलते हुए कहा कि हमारी चक्की धीरे चलती है, लेकिन बारीक पीसती है। जिसके बाद भाजपा नेताओं ने कमलनाथ के इस बयान पर खूब चटखारे लिए थे। लेकिन अब प्रदेश के चुनावी माहौल में सीएम शिवराज ने चक्की, कुर्ता और पार्टी के टिकट बटवारे को आपस में जोड़ दिया है।
Read More: BJP विधायक रामेश्वर शर्मा ने कमलनाथ पर साधा निशाना,बोले - कांग्रेस की नसों में दौड़ रहा मौकापरस्ती का खून