H

अमेठी लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार के.एल. शर्मा ने नामांकन दाखिल किया

By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 03 May 2024 09:48 AM


किशोरी लाल शर्मा ने कहा कि, मैं हमेशा गांधी परिवार का सेवक रहा हूं और एक सेवक को गांधी परिवार ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे मैं निभाऊंगा।

bannerAds Img
देश में लोकतंत्र का सबसे बड़ा महापर्व लोकसभा चुनाव चल रहा है। दो चरणों की वोटिंग संपन्न हो गई है। इसी बीच नामांकन का दौर भी जारी है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश की अमेठी लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार किशोरी लाल शर्मा ने आज यानी की शुक्रवार को यहां जिलाधिकारी कार्यालय में नामांकन पत्र दाखिल किया।

किशोरी लाल शर्मा के साथ स्थानीय नेता मौजूद रहे

इस दौरान कांग्रेस उम्मीदवार किशोरी लाल शर्मा के साथ कांग्रेस के स्थानीय नेता मौजूद रहे। इससे पहले, अन्य नेताओं और परिवार के सदस्यों के साथ अमेठी पहुंचने के तुरंत बाद पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी गौरीगंज स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचीं और शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान प्रियंका गांधी ने पार्टी उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं को भी संबोधित किया। इसके बाद में वह अपने भाई राहुल गांधी के नामांकन में भाग लेने के लिए रायबरेली के लिए रवाना हो गईं।

मैं हमेशा गांधी परिवार का सेवक रहा हूं

लोकसभा चुनाव 2024 के पांचवें चरण के तहत 20 मई को होने वाले मतदान के लिए नामांकन दाखिल करने के आखिरी दिन शुक्रवार को सुबह अमेठी सीट से के.एल. शर्मा की उम्मीदवारी की घोषणा की गई। वहीं टिकट मिलने के बाद किशोरी लाल शर्मा ने कहा कि, मैं हमेशा गांधी परिवार का सेवक रहा हूं और एक सेवक को गांधी परिवार ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे मैं निभाऊंगा।