सपा प्रमुख अखिलेश यादव मध्यप्रदेश के बाद अब राजस्थान में भी कांग्रेस की पोल खोलेंगे !
By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 09 November 2023 12:26 PM
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने बताया है कि, सपा पार्टी राजस्थान की 5 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

देश में पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनावों में 2024 की सियासी चाय भी उबल रही है। ऐसे में इन चुनावों ने विपक्षी दलों में भी टकराव पैदा हो गया है। जनसभाओं में इंडी गठबंधन के दल एक-दूसरे के खिलाफ जमकर जुबानी तीर छोड रहे हैं। एमपी विधानसभा में कांग्रेस और सपा एक-दूसरे पर तीखी बयानबाज़ी कर सुर्खियां बटोर रही हैं। एमपी के बाद अब समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव राजस्थान में भी कांग्रेस की पोल खोलने को मैदान में उतरने वाले हैं।
सपा प्रमुख ने कांग्रेस को धोखेबाज करार दे
आपको बता दें कि, एमपी विधानसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस में ठन गई थी, लिहाजा, दोनों दलों ने एक-दूसरे के खिलाफ ही ताल ठोंक दी है। एमपी में सपा ने 74 सीटों पर अपने प्रत्याशी चुनावी रण में उतार दिए। साथ ही अखिलेश यादव खुद चुनावी समर में डटे हैं। सपा प्रमुख जनसभा को संबोधित कर लगातार कांग्रेस को धोखेबाज करार दे रहे हैं। अब मध्यप्रदेश के बाद समाजवादी पार्टी ने राजस्थान की ओर रूख किया है। यहां पर सपा ने 5 सीटों पर प्रत्याशी उतार दिये हैं।
इन सीटों पर लड़ रही सपा
वहीं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने बताया है कि, सपा पार्टी राजस्थान की 5 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। सपा राजस्थान के अलवर जिले की राजगढ़-लक्ष्मणगढ़, थानागाजी, धौलपुर, भरतपुर की नदबई और नगर सीट पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं। चौधरी ने आगे बताया है कि, यहां पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की जनसभाओं का प्लान भी बन रहा है। बहुत जल्द ही कार्यक्रम घोषित कर दिया जाएगा।