H

Rajasthan Election 2023: कांग्रेस विकास में राजनीति करते हैं, हम राजनीति में विकास - पूर्व सीएम वसुंधरा राज

By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 10 November 2023 01:12 PM


पूर्व सीएम वसुंधरा राज ने कहा कि, कांग्रेस और हम में यही फ़र्क़ है वो विकास में राजनीति करती हैं, जबकि हम राजनीति में विकास।

banner
Rajasthan Election 2023: राजस्थान विधानसभा चुनाव में प्रचार-प्रसार को दौर अपने पूरे शबाब पर है। बीजेपी-कांग्रेस के नेता एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। इसी क्रम में पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, कांग्रेस जनता को झूठे सपने दिखाकर सत्ता में बनी रहना चाहती है, लेकिन यह पब्लिक है जो जानती है कि ये वो ही कांग्रेस है, जिसने पिछले चुनाव में किसानों का दस दिन में कर्जा माफ करने का वादा किया था, जो पांच बरस में भी पूरा नहीं हुआ।

हमने किसानों का कर्जा माफ किया

बीजेपी नेत्री राजे ने आगे अपने बयान में कहा कि, वादा खिलाफ़ी के कारण सैकड़ों किसान आत्महत्या कर चुके हैं। हमने वादा नहीं किया फिर भी किसानों की स्थिति को देखकर हमारी सरकार ने 27.15 लाख किसानों का 7 हजार, 700 करोड़ का कर्जा माफ किया। आपको बता दें कि, पूर्व सीएम ने झालावाड़ के हरनावदा गजा, ढाबला भोज, दांता, बोलिया बारी, सरखेड़ी, रामपुरिया, शेरपुर, चंवली, रायपुर सहित डेढ़ दर्जन गांवों में जनसभा की।

राजस्थान में फिर से कमल खिलेगा

पूर्व सीएम राजे ने कहा कि, कांग्रेस ने पूरे 5 साल झालावाड़ की उपेक्षा की। कांग्रेस और हम में यही फ़र्क़ है वो विकास में राजनीति करती हैं, जबकि हम राजनीति में विकास। उन्होंने कहा कि, राजस्थान के अच्छे दिन आने वाले हैं। कुछ ही दिनों की बात है। राजस्थान का नव निर्माण होगा। फिर से कमल खिलेगा।

कांग्रेस झूठे वादों के बिना आगे नहीं बढ़ती

बीजेपी नेत्री ने आगे अपने बयान में कहा कहा कि, भाजपा झूठे वादे नहीं करती, कांग्रेस झूठे वादों के बिना आगे नहीं बढ़ती। राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि, पेपर लीक के कारण युवा आत्महत्या कर रहे हैं। आज सबसे ज़्यादा बेरोज़गारी राजस्थान में है। कांग्रेस सिर्फ चुनाव के समय काम करती है, बाकी समय नहीं, जबकि हम हमेशा सेवा में जुटे रहते हैं। कांग्रेस लोगों को रुलाती है। हम लोगों के आंसू पोछते हैं। लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाते हैं।