H

CM मोहन ने दीवार पर बनाया कमल का फूल, कार्यकर्ताओं में भरा जोश- अबकी बार 400 पार

By: Sanjay Purohit | Created At: 11 February 2024 06:27 AM


मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरु हो चुकी है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी आज भाजपा के दीवार पेंटिंग अभियान में हिस्सा लिया

bannerAds Img
मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरु हो चुकी है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी आज भाजपा के दीवार पेंटिंग अभियान में हिस्सा लिया। उन्होंने शनिवार को लालघाटी क्षेत्र में दीवार पर कमल का फूल बनाकर भाजपा के 'गांव चलो अभियान' के तहत दीवार का कमल का फूल उकेरा। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाने का आह्वान किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक रामेश्वर शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

अबकी बार 400 पार

भाजपा के इस अभियान के तहत मुख्यमंत्री बूथ क्रमांक 56 वार्ड क्रमांक छह गांधीनगर मंडल के लाल घाटी पर कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। यहां पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक मकान की दीवार पर उसके स्वामी की सहमति से कमल का फूल बनाया। इस दौरान पार्टी के उत्साहित कार्यकर्ता जोर-शोर से जय-जय सियाराम और अबकी बार 400 पार के नारे लगाते रहे।

स्वच्छता का भी ध्यान रखना है और पार्टी का प्रचार भी करना है

मुख्यमंत्री ने मीडिया के चर्चा करते हुए कहा कि मैं भी भाजपा के दीवार लेखन अभियान में सम्मिलित हुआ हूं। मकान मालिक की सहमति से उसके मकान पर हमने आज दीवार लेखन किया है, क्योंकि हमको स्वच्छता का भी ध्यान रखना है और पार्टी का प्रचार भी करना है। ये भारतीय जनता पार्टी है जहां पर नीचे से लेकर ऊपर तक हर कार्यकर्ता जिसको जो काम मिल जाए, वो पार्टी भाव से करता है। मुझे प्रसन्नता है कि आज माननीय जयप्रकाश नड्डा ने जो आव्हान किया है उसी सिलसिले में आज हमने दीवार लेखन किया है।