H

आचार्य प्रमोद कृष्णम ने राहुल गांधी पर कसा तंज, बोले - गुफा की तलाश जारी, चार जून की शाम शहजादे भी करेंगे साधना

By: Durgesh Vishwakarma | Created At: 02 June 2024 08:30 AM


आचार्य प्रमोद कृष्णम का कहना है कि, कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और नेताओं के दिल में एक ज्वालामुखी जल रही है, जो चार जून के बाद फट जाएगा।

bannerAds Img
लोकसभा चुनाव 2024 के एग्जिट पोल सबके सामने आ गए हैं। इस बार आए सभी एग्जिट पोलों में बीजेपी की शानदार वापसी दिख रही है। कुछ ने तो एनडीए की चार सौ सीटें आने का अनुमान भी लगाया है। एग्जिट पोल आने के बाद राजनीतिक दलों के कई दिग्गज नेताओं की प्रतिक्रिया भी आ रही है। इसी बीच कांग्रेस के पूर्व नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला है। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा कि, 4 जून की शाम शहजादे भी साधना करने जाएंगे... गुफा की तलाश जारी है।

चार जून के बाद कांग्रेस के होंगे दो धड़े

कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने इससे पहले सोशल मीडिया साइट X पर लिखा कि, एग्जिट पोल में भी मोदी की साधना की शक्ति की झलक दिखाई देने लगी है। इससे पहले उन्होंने कहा था कि, चार जून के बाद कांग्रेस पार्टी के दो धड़े हो जाएंगे। एक धड़ा राहुल गांधी का होगा तो दूसरा प्रियंका गांधी वाड्रा का।

प्रियंका गांधी के साथ साजिश हो रही है

कांग्रेस पार्टी के पूर्व नेता आचार्य का कहना है कि, कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और नेताओं के दिल में एक ज्वालामुखी जल रही है, जो चार जून के बाद फट जाएगा। कल्कि धाम के पीठाधीश्वर कृष्णम ने आगे कहा था कि, प्रियंका गांधी के साथ साजिश हो रही है। प्रियंका गांधी को पार्टी का अध्यक्ष बनने और राज्यसभा में जाने से रोका गया। कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी नहीं दी गई।