H

CG NEWS : रायपुर के जगन्नाथ मंदिर में रथ यात्रा की तैयारियां शुरू, 7 जुलाई को मनाई जाएगी रथयात्रा….!!

By: Shivani Hasti | Created At: 12 May 2024 06:09 AM


bannerAds Img
CG NEWS : रायपुर के गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर में रथयात्रा के लिए रथ बनाने का काम अक्षय तृतीया के शुभ दिन से शुरू हो गया है। दो महीनों में कारीगरों द्वारा रथ तैयार कर दिया जाएगा। मंदिर समिति के अध्यक्ष पुरंदर मिश्रा ने बताया कि मंदिर की सारी गतिविधियों, पूजा और अनुष्ठानों में जगन्नाथ पुरी के नियमों और परंपराओं का पालन किया जाता है। 6 जुलाई को नेत्र उत्सव की पूजा कर अगले दिन 7 जुलाई को धूमधाम के साथ रथयात्रा निकाली जाएगी। जगन्नाथ पुरी में रथ बनाने के लिए नयागढ़ ओडिशा के दसपल्ला के जंगलों से लकड़ियां लाई जाती हैं। राजधानी में भी इसी जंगल से लकड़ियां आ रही हैं। फासी (सरई), धौरा और साज (साजा) की लकड़ियों से रथ बनाया जाएगा।

बनाए जाएंगे तीन रथ

गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर में पुरी की तरह ही समान लंबाई और ऊंचाई का रथ बनाया जा रहा है। जगन्नाथ स्वामी का रथ नंदीघोष 44.3 फीट ऊंचा और 16 पहियों का, बलभद्रजी का रथ तालध्वज 43.3 फीट ऊंचा और 14 पहियों का और सुभद्राजी का रथ देवदलन 42.3 फीट ऊंचा और 12 पहियों का होगा। मंदिर समिति के अध्यक्ष मिश्रा ने बताया कि नंदीघोष लकड़ी के 832 टुकड़ों से तैयार होगा। वहीं तालध्वज 763 और देवदलन 553 टुकड़ों से बनाए जाएंगे। करीब 20 टन लकड़ी लगने का अनुमान है। जगन्नाथ स्वामी के रथ का छत्र लाल या पीला, बलभद्र जी के रथ का छत्र लाल, हरा या नीला और सुभद्रा जी के रथ का छत्र काले रंग का होगा। नारियल की रस्सी से ये रथ खींचा जाएगा।