H

कई जिलों में हुई बारिश के साथ पूरे दिन छाए रहे बादल, अधिकतम तापमान 44 डिग्री रहा

By: Sanjay Purohit | Created At: 09 June 2024 08:32 AM


मध्यप्रदेश में लगातार हो रही रुक-रुक कर बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है। प्रदेश के कई जिलों में आंधी के साथ बारिश हुई है।

bannerAds Img
वेस्टर्न डिस्टरबेंस, ट्रफ लाइन और साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से प्रदेश भर के ज्यादातर जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। शनिवार को कुछ जिलों में दिन भर बादल छाए रहे। बारिश के चलते प्रदेश के तापमान में काफी गिरावट आई है। जहां प्रदेश में एक दिन पहले 46 डिग्री तक तापमान दर्ज किया गया था, वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान छतरपुर में 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि सबसे कम बड़वानी का 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मानसून से पहले इसलिए प्रदेश में हो रही बारिश

मौसम विभाग के सीनियर वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ), ट्रफ लाइन और साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से मध्यप्रदेश में लगातार बारिश का दौर चल रहा है। उन्होंने बताया कि आगे एक दो दिन ऐसा ही मौसम रहेगा। वहीं, कुछ जिलों में गर्मी का असर भी है। ऐसा ही मौसम आगामी दिनों में भी बना रहेगा। मानसून लगातार अपनी गति से आगे बढ़ रहा है। समय पर मध्यप्रदेश पहुंचने की संभावना बनी हुई है। इधर, निवाड़ी और छतरपुर जिलों में गर्मी का असर रहा। छतरपुर का तापमान सबसे ज्यादा 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।