H

Rajasthan: कांग्रेस नेता ने बीजेपी पर जमकर साधा निशाना, बोले- सरकार का हनीमून पीरियड खत्म नहीं हुआ, चंबल रिवर फ्रंट की जांच पर कही ये बात

By: payal trivedi | Created At: 06 February 2024 04:46 AM


कांग्रेस के पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा- कोटा में रिवर फ्रंट बना, इसकी चर्चा पूरे देश-दुनिया में हो रही है। अशोक गहलोत और शांति धारीवाल ने चंबल रिवर फ्रंट बनवाया हैं।

bannerAds Img
Jaipur: कांग्रेस के पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास (Rajasthan) ने कहा- कोटा में रिवर फ्रंट बना, इसकी चर्चा पूरे देश-दुनिया में हो रही है। अशोक गहलोत और शांति धारीवाल ने चंबल रिवर फ्रंट बनवाया हैं। उन्होंने बीजेपी को चेतावनी देते हुए कहा- 'तुम्हारी मां का दूध पिया हो तो चंबल रिवर फ्रंट की पूरी जांच करवाओ। दम चाहिए, बीजेपी के लोगों- डायलॉगबाजी मत करो, कुछ करके दिखाओ।' खाचरियावास कोटा में कांग्रेस कार्यालय में कोटा-बूंदी लोकसभा क्षेत्र के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की बैठक ले रहे थे। बैठक में बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। इस बीच बुजुर्ग कांग्रेसी कार्यकर्ता ने कह दिया कि 'कपिल सिब्बल- दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस का सत्यानाश किया हैं। अगर आपको सुधारना है तो ऊपर से सुधारो।'

खाचरियावास ने बीजेपी सरकार पर जमकर बोला हमला

खाचरियावास ने कहा- राजस्थान (Rajasthan) में बीजेपी की सरकार बने 60 दिन होने को हो गए हैं लेकिन इनका हनीमून पीरियड खत्म नहीं हुआ है। कांग्रेस की योजनाओं के दम पर भाजपा सरकार चला रही है। बीजेपी की खुद की कोई योजना नहीं है। प्रदेश की कानून व्यवस्था चौपट हो गई है। बीजेपी के कार्यकर्ता मायूस होकर कर बैठ गए हैं। अब उनके खुद के समझ में आ गया है कि किसकी चल रही है। इनके नेता बावले होकर घूम रहे हैं। कागजों में ऑर्डर चल रहे हैं लेकिन ये नहीं पता कि ऑर्डर पर किसके साइन चल रहे हैं। कोटा-बूंदी संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस कमजोर नहीं है। यहां चार सीटों पर कांग्रेस ने जीत हासिल की है। यहां के सांसद का नाम बड़ा और दर्शन खोटे हैं। वे पिछले 10 साल से लोगों को गोलियां ही दे रहे हैं।

राम मंदिर को लेकर कही ये बात

पूर्व मंत्री खाचरियावास ने कहा- बीजेपी भगवान राम को पेटेंट करवाना चाहती है। 22 तारीख तक अयोध्या पर बीजेपी का कब्जा था। कांग्रेस के लाखों लोग अयोध्या जाना चाहते थे, लेकिन बीजेपी ने रोक लगा दी और कहा कि 'हम जो चाहेंगे वही जाएगा।' 22 को वही आदमी जा पाया, जिसको बीजेपी ने बुलाया। कांग्रेस के एक- दो नेताओं को ही इनवाइट किया। उन्होंने कहा- 22 के बाद या 22 के पहले जाएंगे। इस बात को बीजेपी वालों ने इश्यू बना दिया। राम की कृपा से राम मंदिर बना है। बीजेपी ने लोकसभा में प्रस्ताव पास नहीं किया। बीजेपी वोट के खातिर राम का कद छोटा करने की कोशिश में लगी है। जिन लोगों ने रोटी और रोजगार छीना है, उनको राम छोड़ेंगे नहीं। राम ही बीजेपी वालो का इलाज करेंगे। राम मंदिर को तो बीजेपी ने मुद्दा बना दिया। राम मंदिर के नाम पर ही बीजेपी चुनाव लड़ रही है इसमें कोई दो राय नहीं है। भगवान राम सबके हैं। देश को समझ में आ रहा है कि राम मंदिर सुप्रीम कोर्ट के आदेश से बना है। 1989 में राजीव गांधी ने राम मंदिर के ताले खुलवाकर पूजा शुरू करवाई थी।

ERCP को लेकर क्या बोले खाचरियावास

खाचरियावास ने ईआरसीपी के मुद्दे पर कहा- 10 हजार करोड़ का प्रबंध करके पहले ही चालू हो गया। जो हमने काम चला रखे हैं, वो ही तो बीजेपी के नेता देखने जा रहे हैं। बीजेपी ने विधानसभा का चुनाव झूठ फरेब के दम पर जीता। अब विधानसभा चुनाव के बाद सन्नाटा है। लोगों को समझ में आ रहा है। न कोई नीति है, न कोई योजना है। न कोई जनता की सुनने वाला है और न कोई काम हो रहा है।

'ऊपर के लोगों ने कांग्रेस का सत्यानाश किया हुआ'

बैठक में बुजुर्ग कांग्रेसी कार्यकर्ता (Rajasthan) प्रदीप जोशी ने अपने मन की बात कही। जोशी ने कहा- ऊपर के लोगों ने कांग्रेस का सत्यानाश किया हुआ है। कपिल सिब्बल हों या दिग्विजय सिंह हों, हमेशा कांग्रेस का सत्यानाश किया है। अगर आपको सुधारना है तो ऊपर से सुधारो। बातें बहुत लंबी-चौड़ी है। पिछले 60 साल से भाषण सुनते आ रहे हैं। दुनिया को पता है, दोनों नेताओं की वजह से सत्ता नहीं मिली। कोटा लोकसभा सीट पर दो बार ब्राह्मण चुनाव लड़ लिए। एक बार मीणा को टिकट दिया। इस बार मेरी व्यक्तिगत इच्छा है कि ओबीसी का कैंडिडेट हो।