


उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमती नगर इलाके में स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की टिप्पणी पर शुरू हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। कार्यक्रम में मौजूद भारतीय जनता पार्टी नेता विनीत शुक्ला की शिकायत पर समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता मनोज यादव के साथ अज्ञात नेताओं के खिलाफ विभूतिखंड थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि सपा नेताओं ने जान से मारने की धमकी दी और धक्का-मुक्की कर शुक्ला को जान का खतरा उत्पन्न किया।
क्या है पूरा मामला
शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में अखिलेश यादव अपने राजनीतिक विचार रख रहे थे। इसी दौरान उन्होंने भगवा रंग और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर एक टिप्पणी करते हुए कहा, भगवा गमछा डालने के बाद योगीजी अंडे जैसे दिखते हैं। इस बयान का भाजपा नेता विनीत शुक्ला ने विरोध किया। उन्होंने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे संत के लिए इस तरह की भाषा अनुचित है। उनकी आपत्ति के बाद अखिलेश यादव ने मंच से नाराजगी जताई और कार्यकर्ताओं से उन्हें बाहर निकालने को कहा।