


छग के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर में जोरा मॉल का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर सीएम ने विधिवत पूजा-अर्चना कर विघ्नहर्ता भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया और सभी के सुख, समृद्धि और मंगल की कामना की। इस दौरान प्रदेश के मुखिया ने मॉल में सर्व सुविधायुक्त सिनेमा हॉल का शुभारंभ किया और राज्य सरकार के सुशासन पर आधारित एक वीडियो देखा। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी मौजूद रहे।
रायपुर वासियों के लिए आज का दिन बेहद खास है
विष्णु देव साय ने इस मौके पर कहा कि, रायपुर वासियों के लिए आज का दिन बेहद खास है। यह नया प्रतिष्ठान लोगों को आधुनिक जीवनशैली से जुड़ी सभी आवश्यक वस्तुएं, मनोरंजन और सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराएगा। इससे आसपास के युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि, यह मॉल आने वाले समय में शहरी जीवनशैली को और अधिक सहज, समृद्ध और सुविधाजनक बनाएगा।
क्षेत्रवासियों को बधाई और शुभकामनाएं
जोरा मॉल का भव्य शुभारंभ करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि, तकरीबन12 वर्षों की यात्रा के बाद यह प्रतिष्ठान अपने वास्तविक स्वरूप में बनकर तैयार हुआ है। प्रतिष्ठान के संचालक अनुभवी है और उद्योगपति के रूप में उनके लंबे अनुभवों का लाभ इस नए प्रतिष्ठान को भी मिलेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने क्षेत्रवासियों और प्रतिष्ठान से जुड़े सभी को बधाई और शुभकामनाएं दी।