वन्यजीव संरक्षण में असाधारण योगदान के लिए ग्लोबल ह्यूमन सोसाइटी ने वंतारा संरक्षण केंद्र के संस्थापक अनंत अंबानी को प्रतिष्ठित ग्लोबल ह्यूमैनटेरीयन अवार्ड फॉर एनिमल वेलफेयर से सम्मानित किया है। इस सम्मान के साथ ही अनंत अंबानी सबसे कम उम्र के और पहले एशियाई व्यक्ति बने जिन्हें यह वैश्विक मान्यता मिली है। यह अवॉर्ड एक अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान प्रदान किया गया, जिसमें दुनियाभर के वन्यजीव संरक्षण विशेषज्ञ और पशु कल्याण से जुड़े नेता शामिल हुए।
क्यों मिला अनंत अंबानी को यह वैश्विक सम्मान?
ग्लोबल ह्यूमन सोसाइटी ने बताया कि यह अवॉर्ड उन व्यक्तियों को दिया जाता है जिनकी आजीवन प्रतिबद्धता पशुओं और प्रकृति पर वैश्विक स्तर पर सकारात्मक प्रभाव डालती है। अनंत अंबानी को यह सम्मान उनके वैज्ञानिक दृष्टिकोण और साक्ष्य-आधारित संरक्षण कार्यों के लिए प्रदान किया गया, जिनमें शामिल हैं बड़े स्तर पर पशु बचाव और पुनर्वास, विलुप्तप्राय प्रजातियों का संरक्षण, विज्ञान-आधारित संरक्षण कार्यक्रम और वैश्विक जैव-विविधता को बचाने के प्रयास। उनकी पहल वनतारा को दुनिया में सबसे व्यापक और प्रभावशाली संरक्षण परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है।
अनंत अंबानी ने क्या कहा?
अवॉर्ड लेने के बाद अनंत अंबानी ने कहा मैं ग्लोबल ह्यूमन सोसाइटी का आभारी हूं। यह सम्मान मुझे सर्वभूत हित यानी सभी जीवों के कल्याण की भारतीय परंपरा की याद दिलाता है। जानवर हमें संतुलन, विनम्रता और विश्वास सिखाते हैं। वनतारा का उद्देश्य हर जीवन को सम्मान, देखभाल और आशा देना है। संरक्षण आज का धर्म है, कल का नहीं।