


समाजवादी पार्टी के सीनियर नेता अबू आजमी के औरंगजेब को लेकर दिए गए बयान ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। वहीं अब इस विवाद पर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने प्रतिक्रिया दी है। बाबा बागेश्वर ने कहा कि, हमारी नजर में अकबर, औरंगजेब और बाबर महान नहीं हैं। हमारी नजर में कृष्ण, राम और रघुवर ही महान हैं और यही महान रहेंगे।
ये देश छत्रपति शिवाजी महाराज का है
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने आगे अपने बयान में कहा कि, ये देश छत्रपति शिवाजी महाराज का है, ये देश छत्रपति संभाजी महाराज का है, ये देश रानी लक्ष्मीबाई का है, ये देश भगत सिंह, सुभाष चंद्र बोस का है जिन्होंने इस देश को बचाने के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया।
पीटकर सॉरी बोलना, सॉरी नहीं कहलाता
इसके साथ ही बाबा बागेश्वर ने आगे कहा कि, इनकी फोटो मंदिरों में नहीं है पर ये वो लोग हैं जिनके कारण आज मंदिर सुरक्षित हैं और देश सुरक्षित है। वहीं जब धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से सवाल किया गया कि एक पक्ष ये भी कहता है कि औरंगजेब ने कई मंदिर भी बनवाए फिर इतनी नफरत क्यों? इस पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि, पीटकर सॉरी बोलना, सॉरी नहीं कहलाता, ये प्रायोजित षड्यंत्र है।
राजनेता अपने हिसाब से जीते हैं
वहीं औरंगजेब पर नेताओं की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया पूछ जाने पर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि, हम राजनेताओं पर कोई टिप्पणी नहीं करते हैं। राजनेता अपने हिसाब से जीते हैं। बाबा बागेश्वर ने कहा कि, हमारा विषय अध्यात्म का है, राजनेता आपस में कुछ-कुछ बोलते रहते हैं।