


स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा साल 2008 से ही IPL में खेल रहे हैं और उनके नाम पर IPL में कई बड़े रिकॉर्ड दर्ज हैं। वहीं गुरुवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलते हुए रोहित ने अपने रिकॉर्ड्स के ताज में एक सुनहरा पन्ना जोड़ लिया है।
आईपीएल में अपने 100 छक्के पूरे किए
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ IPL की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने 16 गेंदों में 26 रन बनाए। अपनी पारी में हिटमैन ने कुल तीन छक्के लगाए। इसी के साथ रोहित शर्मा ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आईपीएल में अपने 100 छक्के पूरे कर लिए।
रोहित ने पूरा किया खास 'शतक'
आपको बता दें कि, रोहित शर्मा मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आईपीएल में 100 छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने हैं। ओवरऑल आईपीएल में वह किसी एक वेन्यू पर 100 या उससे ज्यादा छक्के जड़ने वाले कुल चौथे खिलाड़ी बने हैं। रोहित शर्मा से पहले RCB के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 130 छक्के लगा चुके हैं। वहीं क्रिस गेल ने इसी मैदान पर 127 छक्के और एबी डिविलियर्स इसी मैदान पर 118 छ्क्के जड़ चुके हैं।
अभी तक फ्लॉप रहे हैं रोहित शर्मा
IPL 2025 के मौजूदा सीजन में मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने अभी तक कुल 6 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उनके बल्ले से सिर्फ 82 रन ही निकले हैं। मौजूदा सीजन में रोहित शर्मा ज्यादातर समय इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर ही खेल रहे हैं।