भाजपा संगठन ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के विचार-विमर्श के बाद संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए नई व्यवस्था लागू की है।
सोमवार को उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने बताया कि अब सोमवार से शुक्रवार दोपहर 1 से 3 बजे तक सरकार के सभी मंत्री भाजपा प्रदेश कार्यालय में मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि सोमवार को वे स्वयं और मंत्री गौतम टटवाल कार्यालय में उपस्थित रहे, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उनसे मिलने पहुंचे।
देवड़ा ने बताया कि जिले की छोटी-बड़ी समस्याएं व्यक्तिगत और क्षेत्रीय दोनों प्रकार की होती हैं। अब कार्यकर्ता सीधे कार्यालय जाकर मंत्रीगणों के साथ बैठकर अपनी समस्याएं रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रयास यही रहेगा कि इन समस्याओं का समाधान यथासंभव जल्द किया जाए।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सूचीबद्ध किया जाएगा और यदि विभिन्न विभागों से जुड़ी कोई समस्या हो तो उसका फॉलोअप किया जाएगा। जिन कार्यों का समाधान हो जाएगा, उनकी जानकारी कार्यकर्ताओं को तुरंत उपलब्ध कराई जाएगी।
देवड़ा ने इस नई व्यवस्था को सराहनीय बताया और कहा कि इससे कार्यकर्ताओं को लाभ मिलेगा तथा सरकार तक उनकी बात आसानी से पहुंचेगी।